
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना अंतर्गत गुरुद्वारा रोड निवासी हरजीत कौर ने अपने परिवारिक कलह से तंग आकर आत्महत्या करने का प्रयास किया. इधर घटनास्थल पर मौजूद पुलिसकर्मियों और हरजीत की बहन ने उसे फंदे से उतारा और इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे टाटा मोटर्स अस्पताल रेफर कर दिया गया. घटना रविवार रात की है. सोमवार को हरजीत के पिता अमृत सिंह ने मानगो थाना में ससुराल पक्ष के खिलाफ लिखित शिकायत की है. अमृत सिंह ने बताया कि उसकी बेटी की शादी साल 2012 में हुई थी. 2 सितंबर 2020 को उनके दामाद की मौत हो गई थी. दामाद की मौत के बाद से ही ससुरालवाले उसे प्रताड़ित करने लगे. उसके घर का पानी बंद कर दिया गया था. पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ था. रविवार की रात को भी उसे परेशान किया जा रहा था.

मौके पर पुलिस पहुंची थी. इसी बीच लड़की ने कमरा बंद कर लिया और फांसी पर लटक गयी. घरवाले और पुलिसवालों ने मिलकर उसको निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है. उसके गले में तेज दर्द है और सांस लेने में दिक्कत हो गयी है. वह महिला ससुरालवालों की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या का प्रयास किया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. इसको लेकर मिली शिकायत के बाद मौके पर पहुंची भाजपा की महिला नेता लक्की सिंह राजपूत ने मामले में हस्तक्षेप किया. उनका थाना में रिसिविंग कॉपी तक नहीं दिया जा रहा था. लक्की सिंह राजपूत ने इस मामले में पुलिस को घेरा, जिसके बाद रिसिविंग कॉपी दी गयी. लक्की सिंह राजपूत का कहना है कि उक्त महिला के साथ अत्याचार हो रहा है और पुलिस अत्याचारियों का ही साथ दे रही है.







