
जमशेदपुर : जमशेदपुर सिविल कोर्ट की एक महिला अधिवक्ता के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर फेसबुक पर फेक एकाउंट बना लिया गया है. एकाउंट बनाने वाले द्वारा संबंधित अधिवक्ता के परिचितों के साथ अश्लील बातें की जा रही हैं. इसकी जानकारी उन्हें तब हुई जब उनके ही परिचित ने इस बारे में बताया. उन्होने तत्काल इसकी शिकायत बिष्टुपुर स्थित साइबर थाने में की. हालांकि उस फेक एकाउंट का यूआरएल लिंक न होने की वजह से अब तक कार्रवाई नहीं हो पाई है. इस मामले को लेकर बुधवार को उक्त अधिवक्ता अपने सहकर्मियों के साथ साइबर थाना पहुंची. उन्होंने बताया कि उनके नाम और फोटो का इस्तेमाल कर किसी ने फेक फेसबुक एकाउंट बना लिया है औऱ उनकी छवि को धूमिल करने के उद्देश्य से उनके परिचितों को अश्लील मैसेज भेजा जा रहा है. एकाउंट बनाने वाला रात में एकाउंट को एक्टीवेट करता है और दिन में डिएक्टीवेट कर देता है. उन्होंने बताया कि इससे पहले भी उनके इंस्टाग्राम को हैक किया गया था. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.













