
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के उपायुक्त सूरज कुमार की ओर से हिट एंड रन के एक मामले में बुधवार को पीड़ित पक्ष के परिजनों को मुआवजा दिया गया. मामले में दिवंगत ओम प्रकाश सिंह की पत्नी लक्ष्मी देवी को उपायुक्त सूरज कुमार की ओर से मुआवजे की राशि दी गई. मौके पर उपायुक्त ने कहा कि सड़क सुरक्षा की मासिक समीक्षा बैठक में हिट एंड रन मामलों के पीड़ित परिजनों को मुआवजा देने की बात कही गई थी, इसी क्रम में गुरुवार को मुआवजा दिया गया. 11 अन्य हिट एंड रन के मामलों में भी जल्द ही संबंधित परिजनों को मुआवजा दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि लक्ष्मी देवी को विधवा पेंशन सहित अन्य योजनाएं, जिनके लिए योग्य होंगी, उसका लाभ भी जिला प्रशासन की ओर से दिया जाएगा. मुआवजे की राशि मिलने पर लक्ष्मी देवी ने उपायुक्त के प्रति आभार जताया.




