सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के मेन रोड स्थित कीता गांव में एक आम पेड़ गिर गया. आम का पेड़ गिरने से पेड़ के नीचे आम चुन रहे दो बच्चों की पेड़ से दबने से मौत हो गयी जबकि एक व्यक्ति गंभीर रुप से घायल हो गया, जिसका इलाज चल रहा है. पेड़ इतना विशाल था कि 12 साल के दीपक गोप और 10 साल के हिम्मत लाल पड़िहारी के परखच्चे उखड़ गये और शव दो टुकड़े में बंट गये. जख्मी व्यक्ति 28 साल का रुपलाल मांझी है, जिसका इलाज सरायकेला सदर अस्पताल में चल रहा है, जहां से उसको एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया है. शव की हालत यह हो गयी थी कि दोनों ही बच्चों के क्षत-विक्षत शव को निकालने के लिए पहले पेड़ को हटाना पड़ा, जिसके लिए जेसीबी को मंगाया गया. इस घनटा के बाद काफी देर तक सड़क जाम की स्थिति बनी रही. करीब शाम को 6 बजे वाहनों का आवागमन को सामान्य किया जा सका और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.
















