
जमशेदपुर : जमशेदपुर के उलीडीह थाना अंतर्गत एकता नगर निवासी 20 वर्षीय युवती ममता सहिस ने शुक्रवार देर रात अपने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. परिजनों को इसकी सूचना शनिवार की सुबह तब हुई जब वे घर पहुंचे. परिजनों ने घर का दरवाजा बंद पाया. किसी तरह दरवाजा को तोड़ने पर पाया कि ममता फंदे से झूल रही है. घटना की सूचना पुलिस को दी गई. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने जांच के दौरान मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है. सुसाइड नोट में ममता ने लिखा है कि वह अपने जीवन से परेशान हो गई थी इसलिए वह आत्महत्या कर रही है, इसके लिए कोई भी दोषी नहीं है. इस मामले में मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि अगले माह ममता की शादी होने वाली थी. शुक्रवार को सभी रिश्तेदार के घर शादी समारोह में शामिल होने गए थे. शनिवार सुबह वापस पहुंचे तो पाया की ममता ने फांसी लगा ली है. फिलहाल पुलिस ने सुसाइड नोट जब्त कर ली है. इधर कोवाली थाना क्षेत्र में भी 20 वर्षीय पिंकी सरदार ने भी शुक्रवार देर रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. पिंकी की शादी पिछले साल ही हुई थी. पिंकी ने आत्महत्या क्यों की इसका कारण परिजन नही बता पा रहे है.













