
चाईबासा : कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने में व्यस्त और यास चक्रवाती तूफान से निपटने में जुटी चाईबासा पुलिस द्वारा पीएलएफआई नक्सली संगठन के चार सदस्यों को धर-दबोचना बड़ी सफलता है। जिले के पुलिस अधीक्षक अजय लिण्डा को गुप्त सूचना मिली कि कराईकेला थाना क्षेत्र में ग्राम – सिसीबाह के पास प्रतिबंधित संगठन पीएलएफफ आई के एरिया कमाण्डर हरिसिंह सान्डी पुर्ती उर्फ मोदी के दस्ता सदस्य ईटा भट्ठा मालिकों से लेवी वसूली के लिए एकत्रित हुए हैं। सूचना पाते ही एसपी अजय लिण्डा द्वारा मामले की जांच करते हुए आवश्यक कार्रवाई के लिए एक टीम का गठन किया गया। उक्त पुलिस टीम द्वारा एसओपी का अनुपालन करते हुए सिसीबाह में छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान प्रतिबंधित पीएलएफआई संगठन के सदस्य बेसरा बोदरा उर्फ मुंगरू बोदरा, केदार बोदरा, बांन्दा बोदरा, राजेश महतो को , ईटा भट्टा मालिकों को लेवी के लिए पत्र देने हेतु लिखित प्रतिबंधित पीएलएफआई संगठन का पर्चा, पीएलएफआई संगठन का सादा पर्चा , लेवी लेने वाला रसीद , दो वायरलेस सेट , चार्जर , ईट भट्टा के मालिक व मुंशी को लेवी हेतु धमकी देने में प्रयुक्त मोबाइल , एक मोटरसाईकिल के साथ गिरफ्तार किया गया। पकड़ाये अभियुक्तों से पूछताछ में अपने को प्रतिबंधित संगठन पीएलएफआई के एरिया कमाण्डर हरिसिंह सान्डी पुर्ती उर्फ मोदी के दस्ता का सदस्य बताया। इनके द्वारा टोकलो थाना क्षेत्र के बेटा ईट भट्टा , केरा ग्राम में स्थित ईट भट्टा, धातकीडीह स्थित ईट भट्ठा एवं पाण्ड्राशाली थाना क्षेत्र के ग्राम – बाया स्थित माँ दुर्गा ट्रेडर्स ईटा भट्ठा में प्रतिबंधित पीएलएफआई संगठन का पर्चा देकर एवं भट्ठा मालिकों को जान माल के नुकसान के भय में डालकर लेवी वसूलने की बात स्वीकार की गयी है । इस संदर्भ में सुसंगत धाराओं के अन्तर्गत कराईकेला थाना में मामला दर्ज कर गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।













