
चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिले के तांतनगर ओपी के बनावीर गांव में गुरुवार की रात को ग्रामीणों ने एक बार फिर से पुलिस पर हमला बोल दिया. पुलिस की टीम पर गुस्साई भीड़ ने हमला किया, जिसमें कई पुलिसवाले घायल हो गये. बताया जाता है कि बनाबीर गांव में छऊ का नाच आयोजित किया गया था. इसको देखने के लिए गांव में काफी संख्या में लोग भी जुट गये थे. भीड़ की सूचना पाकर ओपी प्रभारी पुलिस की टीम के साथ वहां पहुंचे थे और भीड़ को रोकने की कोशिश कर रहे थे. इसी बीच पुलिस को भीड़ को हटाने के लिए लाठी भांजना पड़ा. इससे गुस्साई भीड़ ने पुलिस पर ही हमला कर दिया और पुलिसकर्मियों को ही दौड़ा-दौड़ाकर पीटा. पुलिस जीप को भी निशाना बनाया गया और जीप को ही क्षतिग्रस्त कर दिया गया. इस मामले में पुलिस अभ कुछेक लोगों की पहचान कर एफआइआर दर्ज करने जा रही है. पुलिस उत्पातियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है. ओपी प्रभारी रामकृष्ण मुर्मू ने इसकी पुष्टि की है और कहा है कि गांव में छऊ नाच को रोकने के लिए वे लोग गये थे कि हमला कर दिया गया. आपको बता दें कि 10 मई 2021 को पुलिस टीम पर इससे पहले हमला किया गया था. चाईबासा में ही यह हादसा हुआ था, जिसमें 7 पुलिसवाले घायल हो गये थे. (नीचे देखे कैसा हुआ पुलिस की जीप पर हमला)



















