
टाटा स्टील में चोरी करने घुसा चोर धराया
बिष्टुपुर थाना अंतर्गत टाटा स्टील कंपनी परिसर में चोरी करने घुसे बागबेड़ा निवासी मंगल मुंडा को सिक्योरिटी गार्ड ने रंगे हाथ पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. मंगल के पास से चोरी किया हुआ एलईडी लाइट बरामद किया गया है. पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया. घटना सोमवार तड़के की है.
गोलमुरी में मोबाइल छिनतई करते धराया युवक, एक फरार
गोलमुरी थाना अंतर्गत नीलडीह गोलचक्कर के पास पैदल जा रहे जेमको आजादबस्ती निवासी रौशन गोस्वामी से आयुष और शक्ति सिंह उर्फ चूहा ने मोबाइल छिनतई का प्रयास किया. इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आयुष को पकड़ लिया जबकि शक्ति सिंह मौके से भागने में सफल रहा. इधर स्थानीय लोगों ने आयुष को पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की है. आयुष को जेल भेज दिया है.
सड़क पार कर रहे व्यक्ति को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, मौत
बर्मामाइंस थाना अंतर्गत ट्यूब गेट के पास 17 सितंबर को हुए सड़क दुर्घटना में बिहार के सिवान जिला निवासी नसरुद्दीन अंसारी की मौत हो गई. इधर पुलिस ने इसकी सूचना उसके परिजनों को दी थी. परिजनों ने उसकी पहचान की. इस मामले के बाद परिजनों के बयान पर बर्मामाइंस थाना में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. मृतक चालक था और वाहन लेकर शहर आया था. सड़क पार करने के दौरान उसे एक वाहन ने धक्का मार दिया था.
बर्मामाइंस पुलिस ने पुराने चोरी के मामले में तीन आरोपियों को भेजा जेल
बर्मामाइंस पुलिस ने दो पुराने मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों को जेल भेजा है. पहला मामला अक्टूबर 2019 का है जिस मामला में पुलिस ने फरार चल रहे रेहान खान को गिरफ्तार किया है. वहीं दूसरे मामले में 29 जून को टाटा स्टील कंपनी परिसर में घुसकर चोरी करने के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे राहुल गोराई और बुद्धेश्वर गोप को जेल भेजा है.







