
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिला के कपाली ओपी क्षेत्र के चांदनी चौक में पिछले शुक्रवार की देर रात जुबेर अनवर नामक युवक पर जानलेवा हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया गया, जिसका टीएमएच अस्पताल में इलाज चल रहा है. बताया जा रहा है कि युवक की पीठ पर चाकू घोंप कर तथा लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया गया था. पुलिस को सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचकर घायल जुबेर अनवर को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया. वहां से बेहतर इलाज के लिए परिजनों ने उसे टीएमएच में भर्ती कराया है. घटना की जानकारी मिलते ही घायल युवक के छोटे भाई मोहम्मद ओजेर अनवर अपने भाई का हाल जानने के लिए अपने दोस्तों के साथ एमजीएम अस्पताल पहुंचे. वहां मौजूद कपाली पुलिस द्वारा यह कहा गया कि गवाही देने के लिए कपाली ओपी चलो. यहां लाने के बाद घायल के भाई और उसके दोस्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया और जिन युवकों ने घटना को अंजाम दिया है, उसे पुलिस 2 दिन से थाने में ही बैठाकर रखी है. (नीचे भी पढ़ें)

इस मामले में घायल के मामा मो जमील ने बताया कि मैं कपाली थाना रिपोर्ट दर्ज कराने गया था, लेकिन पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया और कहा कि पहले अपने भांजे का इलाज कराओ. उन्होंने बताया कि भांजे को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल से टाटा मेन अस्पताल में भर्ती कराया. जब मैं वापस कपाली थाना रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचा तो मेरी बात को अनसुना कर दिया. वहीं मीडियाकर्मियों ने इस मामले को लेकर जब कपाली पुलिस से घटना के बारे में जानना चाहा तो कपाली पुलिस ने कुछ भी बताने से साफ इंकार कर दिया. इस मामले में छह युवकों को गिरफ्तार कर सरायकेला जेल भेज दिया गया. जेल भेजे गए युवकों में घायल युवक के भाई मोहम्मद ओजेर अनवर समेत पांच युवक शामिल हैं. हद तो ये है कि कपाली पुलिस द्वारा सभी को प्राइवेट गाड़ियों से जेल भेजा गया. अगर किसी तरह की कोई अप्रिय घटना हो जाती, तो इसका जिम्मेवार कौन होता?













