
जमशेदपुर : रांची के सदर थाने के कोकर जयप्रकाश नगर में शशि होरो की दुर्घटना में मौत नही हुई थी बल्कि उसकी हत्या की गई थी. शशि की हत्या उसी के जीजा दिलीप कुमार ने चाकू मारकर की थी. अनुसंधान के क्रम में दिलीप का नाम आने पर रांची पुलिस रविवार देर रात शहर पहुंची और गोलमुरी पुलिस लाइन से दिलीप को गिरफ्तार कर वापस रांची ले गई. पूछताछ में दिलीप ने जो कहानी पुलिस को बताई उससे पुलिस के होश ही उड़ गए. दिलीप ने पुलिस को बताया कि उसने रांची में प्रेम विवाह किया था जबकि वह जमशेदपुर में रह रहा था. उसे शक था कि उसकी पत्नी का अवैध संबंध है और इसके लिए वह शशि को कसूरवार ठहराता था. उसने बताया कि घटना से तीन दिन पहले वह रांची गया था. शनिवार को वह ड्यूटी ज्वाइन करने जमशेदपुर आने वाला था पर वह जमशेदपुर नही गया. उसने सोचा की वह अपनी पत्नी को रंगे हाथ पकड़ेगा इसलिए उसने पहले अपने दोस्त के साथ शराब पी और फिर नशे की हालत में ससुराल गया. ससुराल में पत्नी और साले के अलावा बेटियां भी मौजूद थी. दोनो के बीच झड़प हुई जिसके बाद दिलीप ने शशि के पेट में चाकू से वार कर दिया. घटना के बाद उसे रिम्स ले गए जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ खुलासा
परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन को यह बताया कि घर में शशि के पेट में रॉड घुस गया था जिससे वह घायल हो गया था. शव को परिजन अंतिम संस्कार के लिए लेकर जा रहे थे तभी पड़ोसियों ने मामला संदेहास्पद होने की सूचना दी. सूचना पाकर पुलिस अंतिम संस्कार में पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जहां मामले का खुलासा हो गया.













