
रांची : झारखंड की राजधानी रांची के लोअर बाजार थाना की पुलिस ने ब्राउन शुगर सप्लाई करने वाले छह अपराधियों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से पुलिस को भारी मात्रा में ब्राउन शुगर मिली है. सभी से थाने में पूछताछ की जा रही है. पुलिस की गिरफ्त में आने वाले अपराधियों ने इस बात का खुलासा किया है कि शहर में युवाओं को यह टारगेट करते थे. एक बार किसी भी युवा को ब्राउन शुगर देने के बाद उन्हें लत लग जाती है. इस वजह से उनका कारोबार आसानी से बढ़ता जा रहा था. मॉल, स्कूल और कॉलेज के समीप गिरोह के सदस्य सक्रिय रहते थे. ताकि वहां से युवाओं को आसानी से सप्लाई कर सके. एसएसपी को इस गिरोह के बारे में जानकारी मिली थी. पूरे गिरोह के सदस्यों को पकड़ने की जिम्मेवारी सिटी डीएसपी को दी गई थी. लोअर बाजार और हिंदपीढ़ी इलाके में दर्जनों लोग ब्राउन शुगर का कारोबार करते हैं. पुलिस को कुछ और लोगों का नाम मिला है. उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. पुलिस ने आरोपियों के पास से 67 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद किया है. गिरफ्तार लोगों में कोमल केरकेट्टा, अनिश, शीतल टोप्पो, शिशुपाल लोहरा, कुष्णा कुमार और मोहम्मद परवे शामिल है.












