
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना अंतर्गत बारीडीह बस्ती निवासी 14 वर्षीय भूमि कुमारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना की जानकारी होने के बाद परिजनों ने उसे तत्काल फंदे से उतारकर एमजीएम अस्पताल पहुंचाया जहां जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. भूमि बारीडीह हाई स्कूल की कक्षा नौवीं की छात्रा थी. घटना के संबंध में पिता प्रदीप कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि वे गार्ड का काम करते है और पत्नी रिंकी देवी भी काम से बाहर रहती है. घर में छह साल का बेटा अरमान और बेटी भूमि ही थे. थोड़ी देर के लिए बेटा अरमान घर से बाहर गया था, इतने ही देर में भूमि ने फांसी लगा ली. पड़ोसियों ने उन्हे इसकी जानकारी दी. वे तत्काल घर पहुंचे और भूमि को फंदे से उतारकर एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया. प्रदीप ने बताया कि बेटी बारीडीह हाई स्कूल में पढ़ती थी. कोरोना को लेकर वे बेटी के स्कूल की फीस लगभग 24 हजार रूपए नही भर पा रहे थे, जिस कारण नौवीं कक्षा में बेटी को नहीं भेजा जा रहा था. उन्होंने सोचा कि बेटी का एक साल बर्बाद हो जाएगा, इससे अच्छा सरकारी स्कूल में उसका नामांकन करवा दे. इसके लिए वे गुरुवार को ही बारीडीह हाई स्कूल गए थे, जहां उन्हें बताया गया को बेटी का नाम परीक्षा के लिए भेजा जा चुका है. परीक्षा को भी दो माह ही बचे है. परीक्षा के बाद ही उन्हें ट्रांस्फर सर्टिफिकेट (टीसी) दी जाएगी पर उसके लिए बकाया फीस जमा करनी होगी. वे इस बात को भूमि को बताए जिससे वह अवसाद में थी. गुरुवार को उसने अवसाद में आकर आत्महत्या कर ली.













