
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो स्थित त्रयंबक महादेव मंदिर के कार्य में आसमाजिक तत्वों द्वारा व्यावधान पहुंचाने को लेकर सोमवार को मंदिर प्रबंधन अनुमंडल पदाधिकारी से मिलने पहुंचा. इस मामले में प्रबंधन ने अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) को एक शिकायत पत्र सौंपा है. शिकायत पत्र में बताया गया है कि राम सेवक सिंह कुछ लोगों को लेकर अक्सर गाली-गलौज करते है. बीते दिनों मंदिर में मीटिंग हो रही थी इसी बीच राम सेवक सिंह आकर मंदिर के अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह को उल्टा सीधा बोलने लगे. इस बीच अन्य लोग पहुंचे जिसके बाद मंदिर में ही मारपीट शुरु हो गई. दोनों पक्ष द्वारा मानगो थाना में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है. मंदिर के सचिव प्रताप भानु सिंह एवं कार्यकारिणी सदस्य सिद्धेश्वर सिंह पर पांच लाख की रंगदारी मांगने का झूठा केस भी मानगो थाना में किया गया था. मंदिर प्रबंधन ने आग्रह किया है कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाए.













