
जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना अंतर्गत उलीयान में एएसआई किष्टो मांझी पर देसी कट्टा तानने वाले रघुनाथ मन्ना को कदमा पुलिस ने जेल भेज दिया है. पुलिस ने उसके पास से एक देसी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस भी बरामद किया है. इस संबंध में एएसआई किष्टो माझी के बयान पर पुलिस ने रघुनाथ मन्ना समेत गोपीनाथ पात्रो, रमेश प्रमाणिक और सूरज प्रमाणिक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. रघुनाथ शातिर किस्म का अपराधी रहा है. हाल ही में उसने उलीयान के ही एक ज्वेलरी दुकान में फायरिंग की थी जिस मामले में पुलिस ने उसे जेल भेजा था. हाल ही में वह जेल से छूटकर बाहर आया था. बुधवार को भी उसने अपने साथियों के साथ मिलकर हवाई फायरिंग की थी. सूचना पाकर पुलिस उसे गिरफ्तार करने पहुंची थी जहां उसने पुलिस पर ही हथियार तान दिया था.






