
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित वीमेंस कॉलेज के पास बुधवार रात को अपनी कार चलाकर कई लोगों को रौंदने और उसके बाद हुए कोहराम की घटना की जांच की गयी है. इस घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से मामला दर्ज किया है. एक पक्ष से सड़क दुर्घटना में घायल धातकीडीह निवासी जावेद अहमद ने गाड़ी संख्या जेएच05सीडब्लयू के चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है वहीं दूसरे पक्ष से निखिल मुखर्जी के बयान पर 50-60 अन्य पर घर में घुसकर मारपीट करने की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. मिली जानकारी के अनुसार वाहन सरायकेला खरसांवा जिले के एक प्रशासनिक अधिकारी का बेटा हर्ष कुमार उर्फ चिम्मा चला रहा था. उसके साथ उसका साथी वरुण मुखर्जी वाहन पर सवार था. वहीं उसके दुसरे साथी वरुण जो की दुसरे कार से चल रहा था पुलिस ने उससे भी थाने में पूछताछ की. वरुण ने पुलिस को बताया है कि सबसे पहले सभी ने बिष्टुपुर स्थित एक क्लब में शराब पी. यहां हर्ष ने अपनी कार छोड़ दी फिर वह अपने साथियों के साथ के साथ दुसरी कार से वरुण मुखर्जी के क्वार्टर पहुंचा. यहां फिर से सभी ने शराब पी. नशे की ही हालत में फिर से हर्ष अपनी कार लेने क्लब पहुंचा. यहां से उसने अपनी कार ली. कार में उसके साथ वरुण मुखर्जी भी सवार था. चूंकि हर्ष नशे की हालत में था इसलिए वह मेन रोड से होकर जाने की बजाय धातकीडीह होकर जाने लगा. मेडिकल बस्ती के पास एक स्कूटी सवार को धक्का मारने के बाद उसने तीन और लोगों को धक्का मारा और वहां से भागते हुए वरुण के घर पहुंचा. थोड़ी देर बाद एक स्कूटी पर सवार युवक वहां आया और कार मालिक के बारे में पूछताछ कि. इतने में ही काफी संख्या में लोग क्वार्टर के बाहर पहुंच गए. इधर पुलिस ने कार और स्कूटी को जब्त कर लिया है. पुलिस भी इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की तैयारी कर रही है. यहीं वजह है कि उक्त प्रशासनिक पदाधिकारी ने डीसी को फोन कर सारी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद त्वरित एक्शन हुआ और पुलिस ने लाठियां लोगों पर बरसायी और लड़के को बचा दिया. इस दौरान कई लोग घायल भी हो गये. इस मामले में खुद डीसी सूरज कुमार घटनास्थल पर आकर मामला को शांत कराये. डीसी सूरज कुमार बुधवार को बाइक से निकले थे कि इस बीच इसकी सूचना मिलने पर वे गये थे.






