
रांची : झारखंड पुलिस लगातार नक्सलियों की कमर तोड़ने के लिए उनके खिलाफ विशेष अभियान चला रही है. पुलिस नक्सलियों को हथियार और अन्य सामान उपलब्ध कराने वालों को ही गिरफ्तार कर रही है जिससे की नक्सलियों तक हथियार की सप्लाई नहीं हो रही है. इधर हाल के दिनों में पुलिस के समक्ष कई नक्सलियों ने भी आत्मसमर्पण कर दिया है, वहीं पुलिस ने सरायकेला खरसांवा जिले से एक करोड़ के इनामी नक्सली प्रशांत बोस को गिरफ्तार किया था. इधर बीते दिनों ही बिहार के पटना से सेंट्रल कमेटी का सदस्य मिथिलेश मेहता को भी गिरफ्तार किया गया है. मिथिलेश मेहता ने पुलिस के समक्ष पूछताछ में कई राज खोले है. मिथिलेश ने पूछताछ में बताया है कि बूढ़ापहाड़ पर उसके बाद 25 लाख का इनामी टॉप कमांडर सौरव उर्फ मरकस बाबा, नवीन यादव, मृत्युंजय भुइयां समेत 18 से 20 कैडर ही बचे हैं. मिथिलेश मेहता को 2020 के अंतिम महीनों में बूढ़ापहाड़ का टॉप कमांडर बनाया गया था. साल 2021 से ही मिथिलेश मेहता बूढ़ापहाड़ पर रह रहा था. इसी इलाके से माओवादी बिहार झारखंड और उत्तरी छत्तीसगढ़ सीमा पर अपनी गतिविधि का संचालन करते हैं. इस इलाके के अंतर्गत पलामू, गढ़वा, लातेहार, गुमला, सिमडेगा, चतरा, छत्तीसगढ़ का बलरामपुर और बिहार का गया ,औरंगाबाद ,रोहतास, सासाराम का इलाका शामिल है.













