
घाटशिला : घाटशिला थाना क्षेत्र के बालीगुमा जंगल के पास अज्ञात अपराधकर्मियों ने धान व्यवसायी भीम चन्द्र दां पर भुजाली से हमला कर घायल कर दिया और उनसे 65 हजार रुपए लूट लिये। घटना बीती रात की बतायी जाती है। अपराधियों ने उनके और उनके साथ के मजदूर से मोबाइल छीन लिया। भीम चन्द्र दां घायल अवस्था में घाटशिला पहुंचे और एक नर्सिंग होम में इलाज कराया और मंगलवार को घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार बड़ाजुड़ी पंचायत के रघुनाथपुर गांव निवासी भीम चन्द्र दां धान व्यवसायी हैं। सोमवार की शाम चावल मिल में धान बेचकर पिकअप वैन से अपने गांव लौट रहे थे। बालिगुमा जंगल के पास सड़क पर पत्थर रख कर अपराधियों ने सड़क को जाम कर दिया था। उन्होंने बताया कि वह वैन से उतरकर पत्थर हटाने लगे तभी दो अज्ञात लोग भुजाली लेकर जंगल से निकलकर उनके पास आये और रुपए और मोबाइल देने को कहा। साथ ही दोनों ने उन पर भुजाली से वार कर दिया। डर से उन्होंने 65 हजार रुपए दे दिए। उन्होंने बताया कि दोनों अपराधकर्मियों ने अपना मुंह गमछे से बांध रखा था और दोनों बांग्ला भाषा में बात कर रहे थे।














