गम्हरिया : गम्हरिया थाना पुलिस ने बीते 25 मई को गम्हरिया पवार ग्रिड से 200 मीटर की दूरी पर टाटा-कांड्रा मार्ग के सर्विस रोड से सटे नाले में मिले सड़े-गले शव मामले का खुलासा करते हुए एक महिला सहित चार अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. मृतक की पहचान विक्रम कुमार महतो के रूप में हुई है. पुलिस की गिरफ्त में आयी महिला सुषमा पूर्ति, उसके पति सितारी पूर्ति, देवर मंगल सिंह पूर्ति और जय सिंह पूर्ति शामिल हैं. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त 7 मीटर रस्सी, चार पीस बोरा, लाश लपेटने में प्रयोग में किया गया बैनर, एक चाकू, एक डंडा और एक मोटरसाइकिल (जेएच 22बी 7536) बरामद किया है. (नीचे भी पढ़ें)
इस संबंध में जानकारी देते हुए एसडीपीओ हरविंदर सिंह ने बताया कि मृतक का सुषमा पूर्ति के साथ अवैध संबंध था. इसकी जानकारी सुषमा पूर्ति के पति सितारी पूर्ति को हो गई. जिसके बाद सितारी पूर्ति ने अपने भाई मंगल सिंह पूर्ति और जयसिंह पूर्ति के साथ मिलकर दुगनी में विक्रम की हत्या कर शव को पावर ग्रिड के पास लाकर फेंक दिया था. उन्होंने बताया कि पूरे मामले में बेहद ही प्रोफेशनल तरीके से अनुसंधान करते हुए चारों की गिरफ्तारी की गई है.





