जमशेदपुर : जमशेदपुर में लगातार साइबर क्राइम के केस बढ़ रहे है. लोगों को इससे सावधान रहने की जरूरत है. इस कड़ी में जमशेदपुर के टाटा स्टील द्वारा संचालित टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) के चिकित्सक डॉ अभिनव अग्रवाल को साइबर ठगों ने निशाना बनाया. साइबर ठगों ने ओएलएक्स में सामान खरीदने के नाम पर उनके एकाउंट से 6 बार में कुल 32100 रुपये काट लिये. बताया जाता है कि डॉक्टर अभिनव ने ओएलएक्स में एक प्रचार डाला था. उन्होंने सामान बेचने के लिए अपना एड दिया था. इसके बाद ओएलएक्स पर एक मैसेज आया, जिसमें यह कहा गया था कि सामान खरीदने की वह व्यक्ति इच्छा रता है. सामान खरीदने वाले व्यक्ति ने मोबाइल नंबर की मांग की. मोबाइल नंबर देने के बाद उनको एक नंबर से फोन आया. फोन करने वाले ने सामान की कीमत 6 हजार रुपये लगायी. इसके बाद एडवांस पेमेंट करने की इच्छा जतायी. सामान खरीदने वाले ने कहा कि क्यूआर कोड वह भेज रहा है. उसने यह बताया कि उसको स्कैन करने के बाद जितने रुपये उनके खाते से काटे जायेंगे, उसका डबल उनके खाते में वापस आ जायेगा. पहली बार स्कैन करने पर खाते से एक रुपये कटा तो दो रुपये वापस आ गया. दूसरी बार स्कैन किया और लगातार 6 बार स्कैन किया तो कुल 32100 रुपये कट गये, लेकिन थोड़ी देर के बाद 200 रुपये ही खाते में आ गये. उसके बाद उक्त ठग ने मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया.
कदमा में एक व्यक्ति के खाते से साइबर ठगों ने उड़ाए 13599 रुपए, केस दर्ज
जमशेदपुर के कदमा के भाटिया बस्ती के रहने वाले व्यक्ति कमल नाथ झा के खाते से साइबर ठगों ने 13 हजार 599 रुपए उड़ा दिए हैं. कमलनाथ झा ने बताया कि उन्होंने ऑनलाइन सामान ऑर्डर किया था. उनके फोन पर किसी ने फोन किया कि उनकी ऑनलाइन कोरियर सर्विस डीएक्टिवेट हो गई है. इसे एक्टिवेट करने के लिए 5 रुपए का आनलाइन पेमेंट करना होगा. इसके बाद फोन करने वाले ने एक लिंक भेजा और उसमें बैंक अकाउंट भरने के लिए कहा. कमलनाथ ने अपना बैंक ऑफ बड़ौदा और एचडीएफसी का बैंक अकाउंट का डिटेल भर दिया. इसके बाद ओटीपी बताने को कहा. ओटीपी बताते ही उनके दोनों अकाउंट से 13 हजार 599 रुपए कट गए. कमलनाथ ने बिस्टुपुर के साइबर थाने में मंगलवार को इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई है.






