जमशेदपुर : फर्जी असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ कस्टम एण्ड एक्साईज बन कर हाइवे पर वाहनों से अवैध वसूली करने के मामले में गिरफ्तार दो आरोपियों परमजीत सिंह और सुशांतो बेरा को एमजीएम पुलिस ने जेल भेज दिया है. पुलिस ने दोनों के पास से गवर्नमेंट ऑफ इंडियन कस्टम एंड सेंट्रल एक्साइज लिखी व नीली बत्ती लगी फार्च्युनर, फर्जी आडी कार्ड आदि बरामद किया है. पुलिस की ओर से बताया गया है कि जमशेदपुर के कीताडीह निवासी सैयद एजाज अहमद के द्वारा इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज करायी थी. आवेदन के आधार पर आपराधिक षडयंत्र के तहत फर्जी असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ कस्टम एण्ड एक्साईज का रूप धारण कर तथा धौंस दिखाकर रंगदारी की मांग करने के आरोप में प्राथमिकी अभियुक्त परमजीत सिंह, सुशांत बेरा एवं गुड्डू खान के विरुद्ध एमजीएम थाना में मामला दर्ज किया है. काण्ड के अनुसंधान के क्रम में गुड़ाबांदा से काण्ड के प्राथमिकी अभियुक्त परमजीत सिंह एवं सुशांतो बेरा को पकड़ा कर थाना लाया गया. (नीचे भी पढ़ें)
पकड़ाये अभियुक्तों के पास से वीआईपी नीली बत्ती लगी हुई फार्च्युनर गाड़ी (डब्ल्यूबी20एजेड-9867) बरामद की गयी, जिस पर गवर्नमेंट ऑफ इंडियन कस्टम एंड सेंट्रल एक्साइज का बोर्ड लगा था, साथ ही उनके पास से एक एयरगन, एक बॉकीटॉकी, असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ कस्टम एण्ड एक्साईज का आई०डी० कार्ड, ड्राईविंग लाईसेन्स, मुहर व मुहर पैड एवं रंगदारी का वसूला हुआ 50 हजार रुपया आदि सामान बरामद हुआ है. तदुपरांत उक्त दोनों अभियुक्त परमजीत सिंह एवं सुशांत बेरा को गिरफ्तार किया गया एवं रविवार को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है. उक्त पकड़ाये व्यक्ति ने पुलिस के समक्ष अपने को कस्टम एंड सेंट्रल एक्साइज का असिस्टेन्ट कमिश्नर बताकर तथा घौंस देकर हाइवे पर चलती गाड़ियों को पकड़कर तथा कार्रवाई का धौंस दिखाकर पैसा उगाही का काम करने की बात स्वीकार की है.







