जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र के भाटिया पार्क के पास एक मिनी ट्रक की चपेट में आकर साइकिल सवार लोकेश महतो शुक्रवार को गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे इलाज के लिये टीएमएच में भर्ती कराया गया है. वह कदमा के ही रामजनम नगर, रोड नंबर-एक का रहने वाला है. जानकारी के मुताबिक लोकेश फुटबॉल खेलने कदमा फार्म एरिया ग्राउंड गया था. वहां से वह साइकिल से वापस अपने घर लौट रहा था. उसी बीच भाटिया पार्क के पास वह तेज रफ्तार अनियंत्रित मिनी ट्रक की चपेट में आ गया. उसके थोड़ी देर बाद ही मौके पर आस-पास के लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों ने कदमा पुलिस को घटना की सूचना दी. उसके बाद तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से घायल लोकेश को ईलाज के लिए टीएमएच पहुंचाया. साथ ही पुलिस मिनी ट्रक को जब्त कर लिया. हालांकि उसका चालक मौके से भाग निकलने में सफल रहा. पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जोरशोर से जुटी हुई है.
पिता को पुत्र से है जान का खतरा, थाने में दर्ज करायी शिकायत
इधर सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भालूबासा मुस्लिम बस्ती रोड नंबर 3 के रहने वाले मंसूर ने अपने बेटे मो. शमशेर से जान का खतरा होने का अंदेशा जताते हुए थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी है. उनका कहना है कि वह देर रात साकची गोलचक्कर के पास से होटल दयाल इंटरनेशनल होते हुए अपने घर जा रहे थे. उसी दौरान बेटे शमशेर ने उनका रास्ता रोक लिया और मारपीट की घटना को अंजाम दिया. साथ ही उनकी जेब से उसने 15 सौ रूपये भी जबरन निकाल लिए. भुक्तभोगी का कहना है कि उनका बेटा
शमशेर आपराधिक प्रवृति का है. वह नशे के सेवन का भी आदी है. उसकी पूर्ति के लिए उनसे हमेशा रूपयों की मांग करता है और रूपये नहीं देने पर मारपीट पर उतर आता है. उन्होंने पुलिस से आरोपी बेटे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.






