नई दिल्ली : बिहार की राजनीति के प्रमुख परिवार लालू प्रसाद यादव के लिए आइआरसीटीसी होटल घोटाला मामले में कानूनी मुश्किलें बढ़ गई हैं. दिल्ली हाईकोर्ट ने निचली अदालत के उस फैसले में दखल देने से इनकार कर दिया है, जिसमें लालू यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव के खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए आरोप तय किए गए थे. जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा की पीठ ने 26 नवंबर को सभी संबंधित याचिकाएं खारिज कर दीं. इस फैसले का सीधा मतलब है कि आरोपों के आधार पर लालू यादव व परिवार पर आपराधिक मुकदमे की कार्रवाई आगे बढ़ सकती है. (नीचे भी पढ़ें)
दिल्ली हाईकोर्ट ने 26 नवंबर 2026 को लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव की याचिकाएं खारिज कर दीं. इन याचिकाओं के जरिए तीनों ने निचली अदालत के 13 अक्टूबर 2025 के आदेश को चुनौती दी थी. निचली अदालत ने उनके खिलाफ आपराधिक आरोप तय करने का निर्देश दिया था. जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा ने कहा कि सभी याचिकाएं खारिज की जाती हैं और आरोप तय करने का आदेश बरकरार रहेगा. निचली अदालत ने लालू प्रसाद यादव के खिलाफ भ्रष्टाचार, आपराधिक साजिश और धोखाधड़ी के आरोप तय किए थे. राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव के खिलाफ आपराधिक साजिश और धोखाधड़ी के आरोप तय किए गए. मामले में भारतीय दंड संहिता (आइपीसी) की धारा 120बी और 420 के तहत आरोप शामिल हैं. भ्रष्टाचार के आरोपों में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(2) के साथ धारा 13(1)(डी)(ii) और (iii) भी शामिल हैं. (नीचे भी पढ़ें)
यह मामला वर्ष 2004 से 2009 के बीच का है, जब लालू प्रसाद यादव केंद्र सरकार में रेल मंत्री थे. सीबीआइ का आरोप है कि रेलवे के रांची और पुरी स्थित दो होटलों के संचालन और रख-रखाव का ठेका देने में नियमों का पालन नहीं किया गया. जांच एजेंसी के अनुसार, टेंडर प्रक्रिया में बदलाव करके पटना की कंपनी सुजाता होटल्स को फायदा पहुंचाया गया. सीबीआइ का दावा है कि इसके बदले लालू परिवार से जुड़ी कंपनियों को कम कीमत पर कीमती जमीन और शेयर मिले. दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट के विशेष न्यायाधीश विशाल गोगने ने 13 अक्टूबर 2025 को आरोप तय करने का आदेश दिया था. अदालत ने शुरुआती स्तर पर माना था कि होटल आवंटन की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण बदलाव किए गए थे. अदालत ने यह भी कहा था कि जमीन के कुछ सौदों में संपत्ति का मूल्य कम दिखाए जाने की संभावना सामने आई है. निचली अदालत ने इस पूरी प्रक्रिया को निजी भागीदारी के नाम पर कथित तौर पर फायदा पहुंचाने वाला मामला बताया था. (नीचे भी पढ़ें)
हालांकि अदालत में लालू यादव और उनके परिवार ने जांच तथा आरोपों पर सवाल उठाए थे. उनका कहना था कि उनके खिलाफ पर्याप्त सबूत नहीं हैं और यह मामला राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित है. राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव ने भी आरोप तय करने के आदेश को चुनौती दी थी. लेकिन अब हाईकोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद निचली अदालत में आपराधिक मुकदमे की कार्रवाई आगे बढ़ेगी और अभियोजन पक्ष को आरोप साबित करने होंगे. और यह आने वाले समय में लालू यादव, तेजस्वी यादव और राबड़ी यादव के सामने बड़ी चुनौती बन सकती है.















