
जमशेदपुर : वीर शहीद निर्मल महतो अमर रहे, अमर रहे, अमर रहे, यह नारा 25 दिसंबर यानी बुधवार को जमशेदपुर में गुंजता रहा. सत्ता पर आसीन झामुमो स्वर्गीय निर्मल महतो के जन्मदिन पर पूरे जोश में दिखा. यहीं वजह है कि वहां काफी ज्यादा भीड़ लगी रही. जन्मदिन पर सबसे पहले लोगों की भीड़ कदमा उलियान स्थित शहीद बेदी पर पहुंचा, जहां लोगों ने सिर झुकाया और श्रद्धांजलि अर्पित की.
इस दौरान झामुमो की ईंचागढ़ की विधायक सविता महतो (शहीद निर्मल महतो के परिवार की बहु और पूर्व उपमुख्यमंत्री स्वर्गीय सुधीर महतो की पत्नी) ने सभी का स्वागत किया. सविता महतो के सामने ही सारे लोगों ने शहीद निर्मल महतो अमर रहे के नारे लगाये. इसके बाद यहां से एक जुलूस निकला, जो सीधे बिष्टुपुर के चमरिया गेस्ट हाऊस पहुंचा.

चमरिया गेस्ट हाऊस में शहीद स्थल पर लोगों ने शहीद निर्मल महतो को श्रद्धांजलि अर्पित की. श्रद्धांजलि देने वालों में भाजपा के नेता और सांसद विद्युत वरण महतो, झामुमो की विधायक सविता महतो, झामुमो विधायक चंपई सोरेन, मंगल कालिंदी, झामुमो नेता मोहन कर्मकार, आस्तिक महतो, पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां, पूर्व सांसद सुमन महतो समेत अन्य लोग शामिल थे.

सारे लोगों ने मोटर साइकिल जुलूस निकालकर फिर से कदमा उलियान पहुंचकर शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की. इस दौरान लोगों की श्रद्धा का ज्वार भी देखने को मिला और झारखंड अलग राज्य के प्रणेता शहीद निर्मल महतो को सिर झुकाकर नमन किया और उनको याद किया. शहीद निर्मल दा के साथियों ने भी उनको श्रद्धांजलि अर्पित की.







