
जमशेदपुर : भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा बुधवार देर शाम अपने निजी कार्यक्रम के तहत आदित्यपुर पहुंचे. जहां उद्यमी अमित राय के आवास पर उन्होंने अपने समर्थकों से मुलाकात की और राज्य में विधानसभा चुनाव से संबंधित कई मुद्दों पर चर्चा की. जमशेदपुर प्रवास के दौरान केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा आदित्यपुर में उद्यमी अमित राय के आवास पर एक औपचारिक मुलाकात के दौरान मीडिया से बातचीत की. इस क्रम में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली करारी हार पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, इस जनादेश से एक सबक लेने की आवश्यकता है, वहीं अर्जुन मुंडा ने कहा कि जनता ने जो जनादेश दिया है सहर्ष स्वीकार किया गया है, और भाजपा अब प्रदेश में एक सशक्त विपक्ष की भूमिका अदा करेंगी. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राज्य में जिस सरकार का गठन होगा उससे उम्मीद की जाती है कि वह आम जनता के हितों में कार्य करेगी. वही झारखंड में नेतृत्व अर्जुन मुंडा के हाथों में सौंपे जाने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यह निर्णय तो भविष्य के गर्भ में है लेकिन फिलहाल केंद्रीय मंत्रिमंडल में जो जिम्मेदारी दी गई है इसका निर्वहन कर रहे हैं.
अर्जुन मुंडा ने कहा कि 5 सालों तक भाजपा सरकार ने प्रदेश में बेहतर कार्य किया है बावजूद इसके विपरीत जनादेश एक चिंतनीय विषय है, जबकि लोकतंत्र में सत्ता पक्ष के विपरीत विपक्ष की अलग और महत्वपूर्ण भूमिका होती है. अर्जुन मुंडा ने भाजपा के पक्ष में मतदान करने वाले लोगों के प्रति आभार भी जताया. इस मौके पर भाजपा 20 सूत्री सदस्य और सरायकेला विधानसभा के चुनावी संयोजक शैलेंद्र सिंह, प्रत्याशी गणेश महाली समेत व्यवसायी ज्योति पांडे भी मौजूद रहे.





