
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो शंकोसाई रोड नंबर पांच स्थित गड़रूबासा में हो समाज की जमीन पर बिजली विभाग और भुमाफियाओं द्वारा कब्जा कर अवैध निर्माण कराया जा रहा है. गुरुवार को गड़रूबासा ग्राम सभा के नेत़ृत्व में स्थानीय आदिवासी उपायुक्त को ज्ञापन सौंप अवैध कब्जे को हटाने की मांग करने पहुंचे. ज्ञापन के माध्यम से उन्होने बताया कि गड़रुबासा में हो समाज 10 से 12 बीघा जमीन को शमशान के रुप में इस्तेमाल करता है. जिसपर कुछ दिनों से बिजली विभाग और भू-माफियाओं द्वारा अवैध निर्माण कराया जा रहा है. इस जमीन को हो समाज सदियों से इस्तेमाल करता आ रहा है, पूर्व में भी इस पर अस्पताल बनाने की कोशिश की गई थी पर प्रर्दशन के बाद प्रशासन ने इस पर रोक लगा दी थी. शिकायत के बाद उपायुक्त ने अवैध निर्माण रोकने का आश्वासन दिया.







