आदित्यपुर: जमशेदपुर में करणी सेना युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष हिमांशु सिंह हत्याकांड तथा क्षेत्र में बिगड़ती कानून-व्यवस्था के विरोध में भाजपा द्वारा शुक्रवार को आहूत जमशेदपुर बंद का मिला-जुला असर आदित्यपुर में देखने को मिल रहा है. (नीचे भी पढ़ें)

बंद को सफल बनाने के लिए सुबह से ही भाजपा नेता और कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे तथा विभिन्न बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का दौरा कर दुकानों को बंद कराने की अपील की. बंद को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा. (नीचे भी पढ़ें)
यह भी पढ़ें: Adityapur fire – आदित्यपुर में चलती कार में लगी आग, मची-अफरा तफरी

शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने कई भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को एहतियातन हिरासत में लिया. आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार ने भी आंदोलन के समर्थन में गिरफ्तारी दी. उनके साथ कई भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को भी पुलिस ने हिरासत में लिया. बाजारों में बंद का असर रहा. (नीचे भी पढ़ें)

कुछ व्यापारियों ने स्वेच्छा से अपने प्रतिष्ठान बंद रखे, जबकि कई दुकानदारों ने हालात को देखते हुए दुकानें नहीं खोलीं. बैंक, सरकारी कार्यालय और अन्य आवश्यक सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होती रहीं. भाजपा नेताओं ने कहा कि हत्याकांड के सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और क्षेत्र में बेहतर कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग को लेकर बंद बुलाया गया है. वहीं प्रशासन ने बताया कि मामले की जांच तेजी से चल रही है तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की.


















