
जमशेदपुर : आम आदमी पार्टी ने झारखंड में संगठन और काम की राजनीति को मजबूत करने का काम तेज कर दिया है. इसके तहत आम आदमी पार्टी आलाकमान ने पूर्व आइपीएस अधिकारी व पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ अजय कुमार को झारखंड का प्रभारी नियुक्त किया है. डॉ अजय कुमार ने कहा है कि वे झारखंड में पार्टी को मजबूत करने के लिए पूरी ईमानदारी के साथ काम करेंगे. आम आदमी पार्टी ने फरवरी 2020 में दिल्ली विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी. आम आदमी पार्टी ने दिल्ली विधानसभा का चुनाव पिछले 5 वर्ष के कार्यकाल के दौरान जनता के लिए किए गए विकास कार्य पर लड़ा था. ‘काम की राजनीति’ के फार्मूले से दिल्ली की सत्ता पर हासिल करने के बाद आम आदमी पार्टी ने दूसरे राज्यों में अपना विस्तार करते हुए संगठन को मजबूत करने का काम शुरू कर दिया है. इसके मद्देनजर पार्टी आलाकमान ने डॉ अजय कुमार को झारखंड का प्रभारी बनाया है. डॉ अजय कुमार पूर्व में कांग्रेस के झारखंड इकाई के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं. वे कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रह चुके है जबकि अभी आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता है. बिहार और झारखंड में माफिया राज से लोहा लेकर अलग पहचान बनाने वाले पूर्व आइपीएस अधिकारी डॉ अजय कुमार कुछ माह पहले आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे. इससे पहले वह जमशेदपुर से सांसद रह चुके हैं और झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं. वे जमशेदपुर के यादगार एसपी रहे है. वर्ष 1994 से 1996 तक जमशेदपुर के पुलिस अधीक्षक के तौर पर वे सेवाएं दे चुके है. उन्होंने जमशेदपुर को माफिया राज से मुक्ति दिलायी है. माफिया राज के कारण टाटा भी पलायन की सोचने लगी थी, लेकिन उनके आने के बाद टाटा ने पलायन का प्लान रद्द कर दिया. इसके बाद वे जनता के हीरो बन गए. डॉ अजय कुमार कर्नाटक के मैंग्लोर में जन्में है. उन्होंने हैदराबाद से स्कूली पढ़ाई की. 1985 में उन्होंने पुंडुचेरी के जवाहर लाल इंस्टीट्यूट से एमबीबीएस की डिग्री हासिल की. 1986 में वह इंडियन पुलिस सर्विस के लिए चुने गए. वह झारखंड विकास मोर्चा (प्रजातांत्रिक) पार्टी की टिकट पर जमशेदपुर से लोकसभा का चुनाव जीतकर संसद पहुंचे. फिर कांग्रेस में शामिल हो गए थे.














