
रांची/बेरमो : झारखंड में हुए उपचुनाव में बेरमो की सीट पर कांग्रेस के प्रत्याशी कुमार जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह ने जीत दर्ज कर ली है. कुमार जयमंगल सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के योगेश्वर महतो बाटुल को 14223 मतों से पराजित कर दिया. इस चुनाव में आजसू ने भी अपना पूरा दमखम लगाया था. वहां आजसू के सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी और खुद आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने जमकर प्रचार किया था और उनकी लड़ाई भाजपा के साथ कम और आजसू के साथ ज्यादा हो गयी थी. दरअसल, 2019 के चुनाव में भाजपा चुनाव हारी थी तो आजसू को तीसरे स्थान मिला था. आजसू के उम्मीदवार काशीनाथ सिंह थे, जिनको कुल 16534 वोट मिले थे, इस कारण उनको जोड़कर मत मिलने की उम्मीद जतायी जा रही थी, जिसके बाद उम्मीद की जा रही थी कि उनकी जीत होने वाली है. लेकिन आजसू और भाजपा की जोड़ी को पटखनी देकर अनूप सिंह ने चुनाव जीत लिया. अपनी जीत के बाद अनूप सिंह ने सबसे पहले अपने पिता राजेंद्र बाबू को याद किया और कहा कि आज वो होते तो धरती पर सबसे खुशी का पल होता. यह बोलते-बोलते वे रो पड़े. काफी मुश्किलों से उन्होंने अपने पर काबू पाया और कहा कि असली श्रद्धांजलि उनके पिता को उनकी वर्ष 2024 में देंगे जब अपने काम की बदौलत चुनाव जीतेंगे. अभी तो पिताजी के नाम पर चुनाव जीते है और अगली बार मेरे काम का आकलन जनता करेगी, इस कारण चुनौती के साथ हम काम करेंगे. बेरमो उपचुनाव के मतगणना के दिन जमशेदपुर युवा कांग्रेस की टीम बेरमो मतगणना में शामिल हुई, जिसमे भाजपा के पाखंड के खिलाफ प्रचंड जीत हासिल करने पर कुमार जयमंगल (अनूप सिंह) को युवा कांग्रेस जमशेदपुर की टीम ने पुष्प माला एवं अंगवस्त्र देकर बधाई दी एवं उन्हें जमशेदपुर आने का निमंत्रण दिया जिसे उन्होंने स्वीकार किया. इस मौके पर झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस के महासचिव डॉ पारितोष सिंह, जिलाध्यक्ष संजीव रंजन, पवन तिवारी, दिनेश सिंह, आमिर सोहैल, जगदीश महतो, देवाशीष घोष, अमित कुमार, विमलेश सिंह मुख्य तौर से शामिल हुए. (नीचे पढ़े रिजल्ट का फाइनल आंकड़ा)

बेरमो के नव निर्वाचित विधायक अनूप सिंह को जमशेदपुरवासियो ने जीत की बधाई दी. मतगणना केंद्र के बाहर उनसे मिल जीत की बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की. बधाई देने वालो में टेल्को वर्कर्स यूनियन के पूर्व महामंत्री चन्द्रभान सिंह, नवचेतन के सचिव रमन झा, सन्तोष सिंह मुन्ना, कनवाई यूनियन के अमरजीत सिंह बाटे, जयनारायण सिंह साधु, शिवनारायण रजक उर्फ चिद्दु, टाटा कमिन्स यूनियन के अरुण कुमार, रमेश करुआ समेत अन्य उपस्थित थे. (नीचे पढ़े रिजल्ट का फाइनल आंकड़ा)

बेरमो विधानसभा सीट में कैसे हुई थी कांग्रेस के राजेंद्र सिंह की जीत
विधानसभा चुनाव 2019 में बेरमो की सीट से राजेंद्र सिंह ने जीत हासिल की थी. इस सीट से कई बार राजेंद्र प्रसाद सिंह चुनाव जीतते रहे है. 2019 के चुनाव में कुल 21 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे. इसमें पांच दलों को ही पांच हजार से अधिक वोट मिले थे जबकि कांग्रेस के राजेंद्र सिंह को 88945 वोट मिला था जबकि उनके निकटतम प्रत्याशी भाजपा के उम्मीदवार योगेश्वर महतो को 63773 वोट मिला था. राजेंद्र सिंह यहां 25172 वोट से चुनाव जीते थे. राजेंद्र बाबू को कुल 46.88 फीसदी वोट मिला था जबकि भाजपा को कुल 33.61 फीसदी वोट मिला था. तीसरे स्थान पर वहां आजसू थी, जिनके उम्मीदवार काशीनाथ सिंह थे, जिनको कुल 16534 वोट मिले थे जबकि सीपीआइ के आफताब आलम खान को 5695 वोट मिले थे, जो चौथे नंबर पर थे. इसके बाद सारे उम्मीदवार को दो हजार से कम वोट मिले थे. (नीचे पढ़े रिजल्ट का फाइनल आंकड़ा)
बेरमो का फाइनल रिजल्ट 2020 उपचुनाव :
कांग्रेस के कुमार जय मंगल (अनुप सिंह)-92751
सीपीआइ के बैद्यनाथ महतो-2571
भाजपा के योगेश्वर महतो “बाटुल”-78528
बसपा के लालचन्द महतो-4217
रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के कालेश्वर रविदास-369
राष्ट्रीय जनसंघर्ष स्वराज पार्टी के पंकज प्रसाद-178
पीपुल्स पार्टी ऑफ इंडिया (डेमोक्रेटिक) के बैजनाथ गोराई-265
मार्क्ससिस्ट को-ऑर्डिनेशन के शंकर घांसी-376
राइट टु रिकॉल पार्टी के सुजीत कुमार वर्णवाल-395
निर्दलीय अजय रेंजन-275
निर्दलीय कैलाश चन्द्र महतो-310
निर्दलीय खिरोधर किस्कू-299
निर्दलीय दिनेश कुमार मुन्डा-531
निर्दलीय द्वारका प्रसाद लाला-1423
निर्दलीय समीर कुमार दास-578
निर्दलीय सुनिता टुडू-2517
नोटा-2098
कुल–187681













