
रांची : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास पर भ्रष्टाचार का मुकदमा दर्ज होने के बाद सियासी बवंडर उठ चुका है. इस मामले को लेकर गुरुवार की दोपहर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने रांची में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया. इस दौरान दीपक प्रकाश ने बताया कि यह राजनीतिक शत्रुता के तहत केस कराया गया है. उन्होंने बताया कि भ्रष्टाचार निरोधक कानून (प्रीवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट) के तहत मुकदमा तब तक नहीं हो सकता है जब तक कोई भी अपराध नहीं हुआ हो. इस पर दीपक प्रकाश ने कहा है कि कांग्रेस की विधायक निर्मला देवी ने कांग्रेस को ही वोट दिया था और अपने एजेंट को जानकारी देकर ही वोट दिया था. ऐसे में पीसी एक्ट नहीं लग सकता है क्योंकि वह अपराध हुआ ही नहीं. विद्वेष के तहत इस तरह की कार्रवाई गलत है. भाजपा हमेशा से कोर्ट पर भरोसा की है और कोर्ट इस मामले में न्याय जरूर करेगी. जनता का भरोसा पहले से ही सरकार से उठ चुका था और अब बचा खुचा भी विश्वास हट चुका है. राजनीति में दिल बड़ा होना चाहिए. कमिटेड क्राइम यह नहीं था, जिसको लेकर यह केस किया गया है. दूसरी ओर, इस मामले में कांग्रेस के लालनाथ शाहदेव ने बयान जारी कर कहा है कि बाबूलाल मरांडी भाजपा के ही विधायक दल के नेता है. ऐसे में उनको कहना चाहिए कि उन्होंने जो शिकायत उस वक्त की थी, वह सही थी या नही. बाबूलाल मरांडी को पहले स्थिति स्पष्ट करना चाहिए. इस बीच झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता सुप्रीयो भट्टाचार्य ने कहा है कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश को अपने ही नेता से पूछना चाहिए कि उनकी शिकायत सही है या गलत है क्योंकि वह शिकायत खुद बाबूलाल मरांडी ने की थी और अब जब केस हुआ है तो खुद भाजपा बौखला रही है. अभी तो केस हुआ है, अभी जांच होगी. जांच में दूध का दूध और पानी का पानी हो जायेगा, इसके लिए इतना बौखलाने की जरूरत क्या है.
आपको बता दें कि बुधवार को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, एडीजी अनुराग गुप्ता और रघुवर दास के कार्यकाल में उनके कार्यकाल में सलाहकार रहे अजय कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून (प्रीवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट) के तहत मुकदमा चलाने को मंजूरी दी गयी थी. दे दी गयी है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इसकी मंजूरी दी थी. वर्ष 2016 में राज्यसभा चुनाव के दौरान विधायकों की खरीद-बिक्री से संबंधित यह मामला है, जिसमें पहले से ही अनुराग गुप्ता और अजय कुमार को नामजद आरोपी बनाया गया था और अब रघुवर दास को भी गैर प्राथमिक अभियुक्त बनाया गया है. वर्ष 2016 के राज्यसभा चुनाव में भाजपा से धीरज साहू जीते थे जबकि कांग्रेस के एमजे अकबर ने चुनाव जीता था. आरोप है कि एडीजी अनुराग गुप्ता, अजय कुमार ने रघुवर दास के कहने पर भाजपा के राज्यसभा प्रत्याशी को जीताने के लिए अपने पक्ष में मतदान कराने के लिए कांग्रेस विधायक निर्मला देवी को घूस की रकम देने की कोशिश की थी. निर्मला देवी पूर्व मंत्री योगेंद्र साव की पत्नी है और वर्तमान में कांग्रेस विधायक अंबा प्रसाद की मां है. इस मामले को लेकर एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें रघुवर दास और अजय कुमार को रांची के धुर्वा स्थित योगेंद्र साव के घर पर भी गये थे. वीडियो में रघुवर दास ने सबकुछ ठीक कर देने की बात कह रहे थे. जब रघुवर दास योगेंद्र साव से मिले थे, तब पुलिस की नजर में वे फरार चल रहे थे. इस ऑडियो और वीडियो के बाद झारखंड विकास मोर्चा के अध्यक्ष रहते हुए बाबूलाल मरांडी (अब भाजपा विधायक दल के नेता है) ने इस मामले की शिकायत चुनाव आयोग से की थी. चुनाव आयोग ने अपनी जांच में शिकायत को सही पाया था, जिसके बाद झारखंड सरकार को चुनाव आयोग ने निदेशित किया था कि इस मामले में एफआइआर दर्ज कर अजय कुमार और अनुराग गुप्ता के खिलाफ कार्रवाई की जाये. इस मामले को लेकर जगन्नाथपुर थाना में एक एफआइआर अनुराग गुप्ता के खिलाफ रघुवर दास सरकार ने दर्ज कर दी थी. उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की गयी थी, लेकिन अजय कुमार के खिलाफ कोई कार्रवाई नही हुई. अजय कुमार उस वक्त प्रधान सचिव के स्तर पर राजनीतिक सलाहकार थे. बाद में हेमंत सोरेन की सरकार बनी तो अनुराग गुप्ता को हटाया गया और उनके खिलाफ कार्रवाई शुरु कर दी गयी. अब भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के खिलाफ एफआइआर दर्ज किया गया है, जिसमें रघुवर दास को अप्राथमिक अभियुक्त बनाया गया है.
इस बीच इस केस के दर्ज होने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने अपना प्रेस बयान जारी किया है. रघुवर दास ने कहा है कि उनको खबर मिली है कि झारखंड सरकार ने छह साल पुराने राज्यसभा चुनाव 2016 मामले में नयी धाराएं जोड़कर उनको भी इसमें शामिल करने का प्रयास कर रही है. अगर ऐसा है तो इस निर्णय का वे स्वागत करते हैं. पिछले लगभग चार साल से मामले की जांच चल रही है लेकिन मामले में कुछ नहीं मिल पाया, तो मामले को जीवित रखने के लिए सरकार के इशारे पर कुछ काबिल अधिकारियों ने इसमें नयी धाराएं जोड़ने का प्रयास शुरू किया हैं. झारखंड में पहली बार विद्वेष और बदले की राजनीति की शुरुआत हो रही है. लेकिन किसी को यह भूलना नहीं चाहिए कि यहां कुछ भी शाश्वत नहीं है. दरअसल, यह वर्ष 2024 की तैयारी है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन चुनाव तक यह मामला खींचना चाहते हैं, जो अधिकारी यह सोच रहे हैं कि अभी गंदगी फैला लेंगे और वर्ष 2024 तक रिटारमेंट के बाद आराम की जिंदगी बसर करेंगे, तो यह उनकी भूल है. सभी की जिम्मेदारी तय की जायेगी. गलत करके बचने की उम्मीद छोड़ दें. उन्होंने कहा है कि हेमंत सोरेन की सरकार व उनके काबिल अधिकारियों से वे आग्रह कर रहे है कि कानून की किताब से और जितनी तरह की धाराएं इस मामले में जोड़ी जा सकती हैं, उसे जोड़ कर लगा लें, वे डरने वाले लोगों में नहीं हैं. उनकी जीवन खुली किताब है, जो चाहे इसे पढ़ सकता है.

जमशेदपुर भाजपा ने कहा-हॉर्स ट्रेडिंग में रघुवर दास का नाम डालना राजनीतिक षडयंत्र, पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ साजिश को सफल नहीं होने देंगे
झारखंड सरकार द्वारा छह साल पुराने राज्यसभा चुनाव 2016 मामले में पीसी एक्ट जोड़ने को भाजपा ने राजनीतिक षडयंत्र बताया है. भाजपा ने कहा कि प्रदेश में विद्वेष की राजनीति के तहत राज्यसभा चुनाव के पुराने मामलों में नई धाराएं जोडकर इसे हवा दी जा रही है. उपरोक्त मामले पर भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष गूँजन यादव ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वर्ष 2016 के राज्यसभा चुनाव मामले में लगभग 6 वर्षों के जाँच के बाद भी कुछ नहीं निकला तो प्रदेश की हेमंत सरकार ने नई धाराएं जोड़कर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के इरादे से मुकदमा दर्ज कर दिया. उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 में सूबे में तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास के नेतृत्व वाली पूर्ण बहुमत की भाजपा सरकार थी परंतु रघुवर दास ने ऐसे अनर्गल आरोप पर कभी अनैतिक आचरण और राजनीतिक हस्तक्षेप नहीं किया. एक सशक्त नेतृत्व के रूप में स्थापित रघुवर सरकार के पांच वर्ष के कार्यकाल में विपक्षी दल ने भी आरोप लगाने की हिम्मत नहीं जुटा पाई. गुंजन यादव ने कहा कि हेमंत सरकार असल मुद्दों से ध्यान भटकाना चाहती है. अगर झारखंड सरकार को लगता है कि ऐसे दुर्भावनापूर्ण आरोप लगाकर वे पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास की छवि को नुकसान पहुंचा देंगे तो यह दिन में सपने देखने के समान है. पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास का राजनीतिक जीवन एक खुली किताब की भांति है, अपने राजनीतिक जीवन मे उन्होंने हमेशा सुचिता की राजनीति की है. भारतीय जनता पार्टी पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के साथ चट्टान की भांति खड़ी है. भाजपा कार्यकर्ता ऐसे साज़िशों का मुंह तोड़ जवाब देना जानती है. कहा कि झारखंड सरकार जो हथकंडे अपनाना चाहती है अपना लें, पूर्व मुख्यमंत्री इन सबसे सोने की भांति निखरकर बाहर आएंगे.













