जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना अंतर्गत आजाद मार्केट स्थित नीलम होटल में शराब बिक्री करने का विरोध करने पर टेल्को गायत्री नगर ग्वाला बस्ती निवासी अखिलेश सिंह के साथ दुकान के संचालक कर्ण द्वारा मारपीट की गई. अखिलेश द्वारा टेल्को थाना के पुलिस कर्मियों पर भी मारपीट का आरोप लगाया गया है. इस संबंध में अखिलेश द्वारा ऑनलाइन शिकायत की गई है. शिकायत के अनुसार वह 24 मई की दोपहर नीलम होटल में खाना पार्सल करवाने गया था. दुकान में काफी भीड़ होने पर वह बाहर खड़ा हो गया. उसने देखा की दुकान में शराब बिक्री की जा रही है. उसने इसका विरोध किया तो दुकान संचालक कर्ण वहां आया और कहा की जहां शिकायत करनी है कर दो, पुलिस उसकी जेब में रहती है. इसी बीच उसने मोबाइल से वीडियो बनाने की कोशिश की तो वहां मौजूद लोग उसे घसीटते हुए कमरे में लेकर गए और पिस्टल सटाकर जेब में रखे 800 रुपए छीन लिए. उसने पुलिस को फोन कर बुलाया. पुलिस उसे थाने ले गई जहां थाना के आरके सिंह, खान सिपाही, टुनटुन ड्राइवर और अन्य तीन लोगों ने उसकी जमकर पिटाई की. रात को जब थाना प्रभारी पहुंचे तो उन्होंने घर वाले को बुलाकर उसे सौंपा और कहा की ये सब किसी से ना बताए नहीं तो लॉक डाउन का उल्लंघन करने का मामला दर्ज कर देंगे. दूसरे दिन उसने एमजीएम में अपना इलाज करवाया. अखिलेश सिंह ने इस मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है. वहीं इस मामले में जब टेल्को थाना प्रभारी से उनका पक्ष जानने के लिए फोन किया गया तो उन्होंने फोन काट दिया.






