
जमशेदपुर : एमजीएम अस्पताल में व्यापक सुधार होगा. इसके लिए नयी बिल्डिंग बनाने के बाद इसका विस्तार और बेहतर करने की कोशिश शुरू की गयी है. राज्य के स्वास्थ्य सचिव डॉ नीतिन मदन कुलकर्णी ने इसको लेकर एमजीएम अस्पताल का दौरा किया. अस्पताल का दौरा कर उन्होंने कई सारी खामियां देखी और अधीक्षक को कहा कि समयबद्ध तरीके से सारी समस्याओं का निराकरण कर दिया जाये.
इसके अलावा उन्होंने अस्पताल की सारी व्यवस्था को लेकर असंतोष जताया. इससे पहले परसुडीह के खासमहल स्थित सदर अस्पताल में दिव्यांगों के लिए भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति के जयपुर फुट के नये सेंटर का उदघाटन किया गया. टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन और स्वास्थ्य सचिव डॉ कुलकर्णी ने संयुक्त रुप से इसका उदघाटन किया. भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति की ओर से यहां सेंटर खोला गया है, जहां विकलांगों के उपकरण तैयार भी होंगे और लोगों को मुफ्त भी दिये जायेंगे. इस दौरान लोगों का इलाज भी यहां संभव हो सकेगा.

स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि विकलांगों के लिए यह वरदान साबित होगा और अगर राज्य भर में संस्थानों को जरूरत होगी तो निश्चित तौर पर ऐसी व्यवस्था पूरे राज्य में की जायेगी ताकि विकलांगों को ऐसा लाभ मिल सके. इस मौके पर डॉ एचपी साहू, रजनीश कुमार, एसडीओ चंदन कुमार, सिविल सर्जन डॉ महेश्वर प्रसाद, भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति के चेयरमैन ललित केडिया, एके श्रीवास्तव समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे.















