
जमशेदपुर : झारखंड मुक्ति मोरचा के वरिष्ठ नेता और जमशेदपुर के पूर्व सांसद स्वर्गीय सुनील महतो का जन्मदिन जमशेदपुर के कदमा स्थित गणेश पूजा मैदान में धूमधाम के साथ मनाया गया. इस मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्वर्गीय सुनील महतो की विधवा और पूर्व सांसद सुमन महतो, ईंचागढ़ की विधायक सविता महतो, पोटका के विधायक संजीव सरदार, जुगसलाई के विधायक मंगल कालिंदी समेत तमाम लोगों ने पूर्व सांसद सुनील महतो को श्रद्धांजलि अर्पित की. इस मौके पर स्वर्गीय सुनील महतो को याद किया गया और उनके समक्ष सुनील महतो अमर रहे के नारे लगाये गये. इस दौरान झारखंड अलग राज्य की लड़ाई और बतौर सांसद सुनील महतो के कार्यों को लोगों ने याद भी किया.

गौरतलब है कि स्वर्गीय सुनील महतो का सांसद रहते हुए नक्सलियों के हमले में मार दिया गया था. इस वक्त से लेकर आज तक लोग कदमा में शहीद स्थल बनाने की मांग उठा रहे है, लेकिन यह संभव नहीं हो पाया है. उनके जन्मदिन से लेकर शहीद दिवस के मौके पर लोगों का हुजूम उमड़ता है, लेकिन एक अदद शहीद स्थल नहीं बन पाया है.















