
चाईबासा : सरकारी योजनाओं में संवेदकों द्वारा सुरक्षा नियमों को किस कदर नजर अंदाज कर ठेका कर्मियों से काम कराया जाता है इसका जीता जागता उदाहरण पूरे जिलें में देखने को मिल रहा है. शनिवार को जगन्नाथपुर मुख्य बाजार पथ के किनारे बिजली के खंबे पर बिना सेफ्टी बेलट पहने काम कर रहे एक बिजली मिस्त्री की जान जाते-जाते बच गई. इस मामले को जगन्नाथपुर के विधायक सोनाराम सिंकू ने गंभीरता से लिया और संवेदक को जमकर फटकार लगायी. हलांकि कहावत में कहा जाता है की जाको राखे साइयां मार सके न कोई, यह उक्ति उस समय चरितार्थ हो गयी जब जगन्नाथपुर में 40 फीट ऊंचे बिजली खम्बे काम कर रहे मिस्त्री का हाथ छूट जाने से गिरा और तार में उसका पांव फंस कर रह गया. बता दें कि बिजली विभाग के ठेकेदार तबरेज अंसारी अपने प्राईवेट मिस्त्री से बिजली का काम रहा था. जगन्नाथपुर के सागर इन्टरप्राईजेज के बगल के खम्बे में प्राईवेट मिस्त्री बालियाडीह निवासी नरेश मुन्दुईया को 40 फीट लम्बे खम्बे में चढ़ कर काम करने को कहा. अपने मालिक के बात पर बिना सेफ्टी वेल्ट व हेलमेट खम्बे पर चढ़ कर काम करने लगा. काम करते समय नरेश का हाथ से सहारा छूट गया और सिर के बल उल्टा गिरने लगा. लेकिन किस्मत का धनी नरेश जिस तार पर काम कर रहा था उसी तार में उसका दाहिना पैर फंस गया. लेकन उसने हिम्मत नहीं हारी. खंभे को दोनों हाथ से पकड़ लिया. जिससे उसकी जान बच गयी.

काफी मशक्कत व 25 मिनट के बाद नरेश मुन्दुईया को सकुशल नीचे उतारा गया
दुर्घटना को देखते ही लोगों की भीड़ जुट गयी. फंसे हुए मिस्त्री को नीचे सकुशल उतारने की कोशिश करने लगे. इतने में नरेश मुन्दुईया के गांव के ही दो जवान एक रस्सा लेकर ऊपर चढ़ गये. सबसे पहले नरेश को कमर में बांध कर एंगल में फंसाया. जिससे उसके हाथ का भार कम हो गया. दूसरा जवान कन्धे के सहारे उसे ऊपर की ओर उठाया. उसके बाद नरेश का फंसा हुआ पांव निकाला गया. जिससे उसकी जान बच गयी.
विधायक ने बिना सेफ्टी औजार के काम कराने पर ठेकेदार को लगाई फटकार
मौके पर विधायक सोनाराम सिंकू पीड़ित नरेश मुन्दुईया का कुशल क्षेम जानने के लिए पहुंचे. उसी समय ठेकेदार तबरेज अंसारी को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि बिना सेफ्टी औजार लगाये यहां के मजदूरों से काम नहीं लिया जायेगा. बिना सेफ्टी औजार से काम कराना जुर्म है. विधायक ने कहा कि यह नरेश जितने दिन भी काम करने में असमर्थ होता है उसे दैनिक मजदूरी ठेकेदार को देनी होगी.















