
घाटशिला : घाटशिला प्रखंड मुख्यालय से शनिवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय कुमार दास एवं अंचलाधिकारी रिंकू कुमार ने सड़क सुरक्षा जागरूकता एलईडी वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. 31वां सड़क सुरक्षा सप्ताह 11 जनवरी से 17 जनवरी 2020 तक मनाया जाना है, जिसका मुख्य उद्देश्य आम जनों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है. प्रखंड विकास पदाधिकारी ने “सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा” का संदेश देते हुए कहा कि जीवन अनमोल है अत: सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन जरूर करें. एलईडी वाहन के माध्यम से पूरे घाटशिला प्रखंड के लोगों को यातायात नियमों से अवगत कराया जाएगा. अंचलाधिकारी रिंकू कुमार ने भी सभी लोगों से अनुरोध किया कि वे अपने आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा से संबंधित नियमों से अवगत करायें. इस अवसर पर प्रखंड के प्रबुद्ध नागरिक, प्रखंड कर्मी तथा अन्य उपस्थित थे.







