
जमशेदपुर : मानगो के सबसे ज्यादा ट्राफिक वाले एरिया डिमना रोड को सुरक्षित बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है. इसके तहत डिमना रोड के सारे कट और बीच से गुजरने वाले रास्ते पर पिल्लर लगा दिया गया है, जिससे बड़ी गाड़ियां बीच से रास्ते में क्रास नहीं कर सके. सिर्फ कुछ ही रास्ते बच गये है, जहां से कार या टेम्पो या बड़ी गाड़ियां आना जाना कर सकेंगी. उलीडीह टैंक रोड, मानगो से डिमना, डिमना रोड से मानगो व मानगो पोस्ट ऑफिस रोड की लिंक को लोहे के बड़े-बड़े पिलरों से घेरकर बाधित कर दिया गया है, जिससे लोगों को आने जाने में दिक्कत हो रही है. परेशानी तब और बढ़ जायेगी जब आग लगी या स्वास्थ्य को लेकर परेशानी होगी क्योंकि न तो दमकल समय पर पहुंच सकेगा और न ही एंबुलेंस, ऐसे में लोगों का गुस्सा होना लाजिमी है.

इसका कोई वैकल्पिक रास्ता निकालने की मांग जरूर लोग कर रहे है. मानगो विकास समिति के अध्यक्ष ओंकार सिंह ने कहा कि मानगो को सिर्फ प्रयोगशाला के रुप में संचालित किया जा रहा है, जो गलत है. विदित हो कि मानगो से डिमना और डिमना से मानगो सड़क वन वे है और पोस्ट ऑफिस रोड को जोड़ने का मुंशी मोहल्ला मस्जिद के पास कनेक्टिंग पथ है. पोस्ट ऑफिस रोड किसी मुहल्ले को जाने वाली सड़क मात्र नहीं बल्कि पोस्ट ऑफिस रोड से गौड़ बस्ती, कृष्णानगर, शांति नगर, टीचर्स कालोनी, संजय पथ होते हुए डिमना रोड को सुमन होटल के पास जोड़ती है. इससे इस सड़क की आवश्यकता महसूस की जा सकती है. इस सड़क से हजारों लोगों का आना-जाना प्रतिदिन होता है.ऐसे में इस सड़क के कनेक्शन को बाधित करने से समस्या बढ़ती नजर आ रही है.






