जमशेदपुर: जमशेदपुर के उपायुक्त राजीव रंजन ने बालिगुमा स्थित स्वर्णरेखा नदी के किनारे निर्माणाधीन वाटर टावर एवं पेयजलापूर्ति परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया.इस दौरान उपायुक्त ने निर्माण कार्य की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए कहा कि एमजीएम अस्पताल जैसे महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्थान में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. उन्होंने कार्य एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिया कि हर हाल में 15 जून तक निर्माण कार्य पूर्ण करते हुए एमजीएम अस्पताल में पेयजलापूर्ति शुरू कराई जाए. उन्होंने कहा कि निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा नहीं होने की स्थिति में संबंधित एजेंसी के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी.(नीचे भी पढ़े)

निरीक्षण के दौरान निर्माण स्थल पर विद्युत कनेक्शन से संबंधित समस्या की जानकारी मिलने पर उपायुक्त ने कार्यपालक अभियंता, विद्युत विभाग को आवश्यक कार्रवाई करते हुए शीघ्र विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि परियोजना के शेष कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो. उपायुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) से आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त करने की प्रक्रिया की भी समीक्षा की. उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को सभी औपचारिकताओं एवं प्रक्रियाओं को त्वरित गति से पूर्ण कर आवश्यक स्वीकृतियां जल्द प्राप्त करने का निर्देश दिया, जिससे परियोजना का कार्य निर्धारित समय पर पूर्ण किया जा सके. (नीचे भी पढ़े)

उन्होंने कहा कि परियोजना से एमजीएम अस्पताल को नियमित एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध होगा, जिससे मरीजों, उनके परिजनों एवं अस्पताल प्रबंधन को काफी सुविधा मिलेगी. उन्होंने सभी संबंधित विभागों एवं कार्य एजेंसी को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए समयबद्ध ढंग से परियोजना पूर्ण करने का निर्देश दिया. इस मौके पर उप विकास आयुक्त, अपर उपायुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम, अपर नगर आयुक्त मानगो नगर निगम, विद्युत् विभाग के कार्यपालक अभियंता तथा संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कार्य एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे.







