
संतोष वर्मा
चाईबासा : सिंहभूम की सांसद गीता कोड़ा ने अपने संसदीय क्षेत्र पश्चिमी सिंहभूम व सरायकेला जिला में धान क्रय को लेकर किसानों को हो रही परेशानी को गंभीरता से लिया है. गीता कोड़ा ने राज्य के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव से मुलाकात कर इस समस्या से उन्हें अवगत कराया है. सांसद ने बताया कि पश्चिमी सिंहभूम व सरायकेला जिले के धान खरीद केंद्रों पर किसानों से धान क्रय नहीं किया जा रहा है. किसानों को क्रय केंद्रों से यह कह कर वापस कर दिया जाता है कि धान भंडारण की क्षमता अब नहीं है, जबकि किसान अपना धान बेचना चाहते हैं. धान क्रय केंद्रों द्वारा धान की खरीदारी नहीं किये जाने से उक्त जिलों के किसान अत्यंत ही परेशान और कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं.
इसके अलावा जिन किसानों का धान अब तक खरीद केंद्रों द्वारा क्रय किया गया है, उनकी शत-प्रतिशत राशि का भुगतान भी नहीं किया गया है. इससे वे आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं. उन्होंने मंत्री से आग्रह किया है कि किसानों की समस्याओं को देखते हुए पश्चिमी सिंहभूम जिले व सरायकेला जिले के सभी प्रखण्डों में भंडारण केंद्रों की स्थापना कराने के साथ ही वर्त्तमान भंडारण केंद्रों की क्षमता बढ़ायी जाये तथा किसानों की बकाया राशि का अविलंब भुगतान किया जाये. ताकि किसान अपनी अगली फसल के लिए खाद-बीज खरीदने व फसलों को तय समय पर लगाने की तैयारी कर सकें. मंत्री ने सांसद को भरोसा दिलाया है कि संबंधित समस्या को दूर करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जायेगी.















