
जमशेदपुर : भारतीय रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा पीड़ित मानवता की सेवा के लिए कोविड-19 लॉक डाउन पीरियड के तहत लगातार 26वें दिन अपनी गतिविधि को जारी रखा। रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह की देख रेख में चल रहे अभियान में आज जिला नियंत्रण कक्ष से प्राप्त सूचना के आधार पर 95 परिवार को राशन सामग्री पहुंचायी गयी, इसके साथ ही 200 घरों को चिन्हित कर उन्हें राशन सामग्री दी गयी, जिसमें बिरसानगर, पारडीह, गदरा, गोविन्दपुर, परसुडीह, डिमना रोड मानगो, पारडीह रोड मानगो के साथ साथ साकची गोलचक्कर पर दूसरों पर आश्रित लोगों को राशम सामग्री दी गयी। लॉक डाउन की तिथि 3 मई तक किये जाने से अपने सीमित संसाधनों के बीच रेड क्रॉस के लिए इस कार्य को आगे ले जाना सहयोगियों पर ही निर्भर है। इस सम्बन्ध में रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने आग्रह किया है कि रेड क्रॉस के साथ जुड़े समाजसेवी, समाजसेवी संस्थाएं, कारपोरेट संस्थाएं, कार्यकर्ता, रेड क्रॉस के पेट्रन व अन्य सभी श्रेणियों के सदस्य आगे आकर रेड क्रॉस को सहयोग प्रदान करें ताकि रेड क्रॉस अपने अभियान को आगे जारी रखते हुए हर जरुरतमंद की समय पर मदद कर सके और कोविड-19 के इस चक्र से पीड़ित मानवता को बाहर निकाला जा सके। उन्होने अनुरोध किया कि रेड क्रॉस के सभी समर्थ सदस्य कम के कम एक व्यक्ति का अतिरिक्त भोजन बनायें और कहीं दूर नहीं आपके घर के पास जो सबसे नजदीकी जरुरतमंद है, उसे भोजन कराएं। उन्होने कहा कि हर स्थिति में सोशल डिस्टेंसिंग ही आज सबसे बड़ा हथियार है, जिससे हम कोरोना को हरा सकते हैं। उन्होने कहा कि इस कठिन परिस्थिति न सिर्फ मनुष्य संकट में है, बल्कि जीव जन्तु भी, इसलिए जो भी आश्रित जीव जन्तु है, उनके दाना पानी के लिए भी संवेदनशील रहें।







