
जमशेदपुर : देश में कोरोना वायरस का संक्रमण बढ़ता ही जा रहा है. इधर झारखंड की राजधानी रांची के हिदंपीढ़ी से आज भी संदिग्धों का मिलना जारी रहा. आज जिनमें कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि हुई है उनमें से हिंदपीढ़ी के निजाम नगर, एक नाला रोड और एक कुर्बान चौक से है. राजधानी रांची स्थित रिम्स में कुल 92 सैंपल की जांच हुई, जिसमें 89 रिपोर्ट निगेटिव आए वहीं तीन रिपोर्ट पॉजिटिव पाए गए. इसके साथ ही झारखंड में कुल कोरोना पोजेटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 41 हो गई है. वहीं अबतक दो लोगों की मौत भी हो चुकी है. वैसे आज एक ही दिन में झारखंड में 4 और कोरोना पॉजिटिव मरीज की पुष्टि हुई है. जिसमें से 2 कोरोना पॉजिटिव मरीज रांची के हिंदपीढ़ी से है, एक मरीज बेड़ो और एक मरीज के सिमडेगा का शामिल है. वैसे सिमडेगा के मरीज का सम्बंध तबलीग़ी जमात से जुड़ा बताया जा रहा है. राज्य में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या अब 41 हो गई है. वहीं इससे पहले शनिवार को भी झारखंड में कोरोना के दो नए मरीजों की पुष्टि हुई थी. जिसमें से एक हिंदपीढ़ी का और दूसरा धनबाद के हीरापुर का था. वहीं रांची के बरियातू के जोड़ा तालाब के पास एक अपार्टमेंट में रहने वाले रिटायर्ड डीडीसी की गुड़गांव के मेदांता में कोरोना से मौत हो गई. बताया जा रहा है कि वे रांची के तीन अलग-अलग अस्पतालों में लगभग दो स्पताह तक इलाजरत रहे. जिसके बाद तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें एयरलिफ्ट कर गुड़गांव के मेदांता में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई. शाम में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी.

विश्वव्यापी कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए शुरू हुए लॉकडाउन के दौरान बंद छोटे दुकानों में काम करने वालों की स्थिति दयनीय होती जा रही है. वैसे केंद्र सरकार के निर्देश पर राज्य सरकारें एवं जिला प्रशासन के साथ सामाजिक संस्थाएं एवं स्वयंसेवी संगठनों के साथ राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधि भी लगातार जरूरतमंदों तक हर संभव सहयोग पहुंचा रहे हैं. इधर सरायकेला जिला के सामाजिक संगठन आदित्यपुर विकास समिति द्वारा आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह के नेतृत्व में प्राप्त सूची के आधार पर आदित्यपुर के विभिन्न वार्डों में रहने वाले छोटे दुकानों में कार्यरत लगभग 56 जरूरतमंद लोगों के घर- घर जाकर कच्चा खाद्यान्न जिसमें चावल 5kg, दाल 1kg, आलू 2 k.g, प्याज 1k.g, नमक-1 पैकेट, हल्दी 1 पैकेट, सरसों तेल उपलब्ध कराया गया. इस दौरान लॉकडाउन अवधि में सरकार के दिशा निर्देशों का समिति के सदस्यों द्वारा पूर्णत: अनुपालन किया गया. खाद्यान्न वितरण हेतु पैकेट निर्माण में पुरेंद्र नारायण सिंह के अलावे टाटा वर्कर्स यूनियन के असिस्टेंट सेक्रेटरी नितेश राज, राकेश कुमार, आशुतोष गुप्ता शामिल थे.

देश में कोराना संकट जारी है. झारखंड में कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ता ही जा रहा है. इधर सरायकेला- खरसावां जिले में अंतरर्राष्ट्रीय मैथिल परिषद के सदस्यों की ओर से लॉक डाउन शुरू होते ही समाज के जरूरतमंदों के बीच जरूरी सामान उपलब्ध कराई जा रही है. इतना ही नहीं संस्था के सदस्य कोरोना के खिलाफ जंग लड़ रहे कर्मवीरों यानी चेकनाकों और थानों में तैनात पुलिसकर्मियों, स्वास्थ्यकर्मियों और सफाई कर्मियों तक सेनेटाइजर और मास्क भी मुहैया करा रहे हैं. साथ ही ठंडा पानी और नाश्ता भी पहुंचा रहे हैं. संस्था ने दावा किया है, कि जबतक लॉकडाउन जारी रहेगा, समाज के एक भी व्यक्ति और कर्मवीरों को हर संभव जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी. अब तक संस्था की ओर से 3 सौ जरूरतमंदों तक राहत सामग्री पहुंचाने का दावा किया जा रहा है.







