जमशेदपुर : जमशेदपुर पुलिस लगातार कोरोना वायरस के संक्रमण के बीच काम कर रही है. इस दौरान पुलिस का चेहरा अपराधियों या अन्य तरीके के दोषियों पर कार्रवाई करते नहीं बल्कि मानवता के तहत काम करते हुए आसानी से देखा जा सकता है. इसके तहत सोनारी पुलिस ने सोनारी में क्रिश्चन मैदान में खोले गये सब्जी बाजार में मानवता का अदभुत मिसाल बनाया. जमशेदपुर अक्षेस के सहयोग से सोनारी पुलिस ने क्रिश्चन मैदान में सब्जी बाजारों को लगाया है. वहां बाजार में लोगों को नियंत्रित करने के लिए माइक भी लगाये गये है. इसके अलावा यह साफ तौर पर हिदायत है कि बिना मास्क वाले को बाजार में इंट्री नहीं होगी. अगर इंट्री हो गयी तो सब्जीवालों को हिदायत है कि सब्जी नहीं देंगे.
अगर बाजार में बिना मास्क वाले को सब्जी दे दिया गया तो दुकानदार पर ही फाइन लगा दिया जायेगा. इस कड़े नियम के बीच बाजार की सफाई हर दिन होती है और सुबह के वक्त बाजार खुलने के पहले सैनिटाइजेशन किया जाता है जबकि बंद होने के बाद भी सैनिटाइज किया जाता है. सब्जी खरीदते समय किसी व्यक्ति को सब्जी छूने की इजाजत नहीं है. अगर किसी को सब्जी चुनना है तो दुकानदारों को ही आपको बता देना है कि सब्जी वो दीजिये या वो मत दीजिये, किसी भी हाल में सब्जी को हाथ नहीं लगाना है. सब्जियों का भी सैनिटाइजेशन किया जा रहा है. सोमवार को सोनारी थाना के प्रभारी नरेश सहाय ने अपने दल बल के साथ खुद सब्जी बाजार पहुंचे.

उन्होंने कोरोना वीर यानी बाजार में वोलेंटियर के तौर पर काम करने वाले लोगों को सम्मानित किया. इसके अलावा वहां तैनात रहने वाले पुलिसवालों को सम्मानित किया जबकि सब्जीवालों को भी सम्मानित किया गया. यहीं नहीं, सब्जी बाजार में सफाई करने वाले को भी सम्मानित किया गया. इस दौरान सम्मान पाने के बाद पुलिस के इस चेहरे की हर किसी ने तारीफ की.







