
जमशेदपुर : लॉकडाउन होने की वजह से शिक्षा के लिए कोर्स को समय से पूरा कराने का एकमात्र विकल्प ऑनलाइन पढ़ाई है. कोल्हान विश्वविद्यालय में ऑनलाइन पढ़ाई रंग ला भी रही है. वोकेशनल कोर्स कई एप्प के माध्यम से लगभग 90 प्रतिशत पूरे कर लिए गए है. इससे जुड़ी हर दिन की गतिविधियों की समीक्षा वोकेशनल सेल के जरिये केयू के कुलपति तक पहुंच रही है. व्हाट्सएप्प ग्रुप में सेमेस्टर के अनुसार लिंक शेयर किया जा रहा है. स्टूडेंट्स को असाइनमेंट भी दिए जा रहे हैं, जिसे विद्यार्थी पूरा भी कर रहे हैं.
जमशेदपुर वीमेंस कॉलेज की बीएड डिपार्टमेंट की अध्यक्ष डॉ त्रिपुरा झा ने बताया कि कॉलेज के साथ हर विभाग के लिए अलग व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया है. इस ग्रुप पर वीडियो बना कर उसका लिंक दिया जा रहा है. वहीं चाईबासा के महिला कॉलेज के संजय सिन्हा ने बताया कि विद्यार्थियों के कोर्स समय पर पूरा हो इस पर हमारा फोकस है. ऑडियो और पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के जरिये छात्रों को पढ़ाया जा रहा है. लाइव क्लासेज भी लिए जा रहे है. विभाग के व्हाट्सएप्प ग्रुप पर पढ़ाई से जुड़ी सारी सामग्री है. वहीं कॉलेज की वेबसाइट पर भी सारी चीजों को अपलोड किया जा रहा है। जिससे पढ़ाई अनवरत जारी रहे. वहीं इंस्टिट्यूट फॉर एडुकेशन सरायकेला, श्रीनाथ कॉलेज ऑफ एडुकेशन का कहना है कि 90 फीसदी सिलेबस को ऑनलाइन पढ़ाई के जरिये पूरा कराने की कोशिश की गई है.







