जमशेदपुर: जमशेदपुर के डिमना चौक स्थित एमजीएम अस्पताल के गायनिक वार्ड में मंगलवार रात मरीजों के परिजनों की भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान विवाद हो गया. लेबर रूम के बाहर बने केबिन में परिजनों के जमावड़े और उनके सामान रखने को लेकर महिला होमगार्ड जवानों तथा मरीजों के परिजनों के बीच तीखी बहस हुई घटना मंगलवार रात की है. जानकारी के अनुसार, केबिन के अंदर और बाहर बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष परिजन जमा हो गए थे. इससे लेबर रूम के आसपास आवागमन में परेशानी हो रही थी. वहीं, केबिन के अंदर बैठकर खाना खाने और सामान रखने से गंदगी भी फैल रही थी. (नीचे भी पढ़ें)

इस पर ड्यूटी पर तैनात महिला होमगार्ड जवानों ने परिजनों को केबिन खाली करने और बाहर जाने को कहा. आरोप है कि सुरक्षाकर्मियों की बात मानने के बजाय कुछ परिजन उनसे उलझ गए और बहस करने लगे. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया. स्थिति बिगड़ती देख अन्य होमगार्ड जवान भी मौके पर पहुंच गए. इसके बाद जवानों ने सख्ती दिखाते हुए केबिन में मौजूद परिजनों को बाहर निकाला. होमगार्ड जवानों की कार्रवाई के बाद स्थिति सामान्य हुई. हालांकि, इस दौरान कुछ देर तक गायनिक वार्ड में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.












