जमशेदपुर: जमशेदपुर के उलीडीह थाना क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर-5 स्थित केदार बगान में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. पारिवारिक कलह और कथित प्रताड़ना से परेशान एक महिला ने अपनी तीन मासूम बेटियों के साथ कीटनाशक खा लिया. घटना के बाद चारों की तबीयत बिगड़ गई. पड़ोसियों की मदद से सभी को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है. पीड़ित महिला की पहचान पिंकी कुमारी के रूप में हुई है. उसकी बेटियों में 13 वर्षीय माही मेहता, पांच वर्षीय मासूम मेहता और चार वर्षीय ऋषिका मेहता शामिल हैं. महिला ने आरोप लगाया कि दो बेटियों के बाद तीसरी बेटी के जन्म से ही पति धर्मवीर मेहता और ससुराल के अन्य सदस्य उसे प्रताड़ित करने लगे थे. पति ओडिशा के झारसुगुड़ा स्थित एक कंपनी में काम करते हैं. (नीचे भी पढ़ें)

महिला का कहना है कि सास-ससुर, देवर और देवरानी भी उसके साथ मारपीट और दुर्व्यवहार करते थे. पिंकी के मुताबिक, 22 अक्टूबर को उसकी देवरानी गुड़िया ने उलीडीह थाने में उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. इसके बाद घरेलू विवाद और बढ़ गया था. मंगलवार शाम करीब छह बजे महिला ने बाहर से कीटनाशक खरीदा और उसे मैगी तथा चाय में मिलाकर पहले अपनी तीनों बेटियों को दे दिया. इसके बाद खुद भी कीटनाशक खा लिया. कुछ देर बाद चारों की तबीयत बिगड़ने लगी और उल्टियां होने लगीं. उनकी हालत देखकर पड़ोसी अजय कुमार ने तत्काल सभी को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया. रात करीब साढ़े नौ बजे चारों को अस्पताल में भर्ती कराया गया. चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है.












