जमशेदपुर : आगामी दीपावली का पर्व शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए जमशेदपुर पुलिस ने अपराधियों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ सघन अभियान चलाया. वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ एहतेशाम वकारिब के नेतृत्व में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई के दौरान अलग-अलग आपराधिक मामलों के कुल 10 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस के इस विशेष अभियान में आर्म्स एक्ट, मारपीट, चोरी, मानव तस्करी और गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) समेत अन्य मामलों में आरोपी गिरफ्तार किये गए. गिरफ्तार सभी अभियुक्तों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
दीपावली पर्व के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने अपराधियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. अभियान के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों में लंबित मामलों के आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ आपराधिक गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है.वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में पुलिस की सक्रियता बढ़ाई गई है. पुलिस प्रशासन का उद्देश्य दीपावली के दौरान किसी भी तरह की आपराधिक घटना या विधि-व्यवस्था की समस्या को रोकना है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पर्व के मद्देनजर अपराध और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.












