जमशेदपुर : सांसद बिद्युत बरण महतो ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के कार्यालय में कार्यकारी निदेशक के रूप में कार्यरत विकास जैन से मुलाकात की एवं महत्वपूर्ण रेल संबंधी मामलों पर चर्चा की. सांसद श्री महतो ने सर्वप्रथम कहा कि जलियांवाला बाग ट्रेन के संबंध में सूचना जारी की गई है कि शीतकाल के दौरान इस ट्रेन को अस्थाई रूप से नहीं चलाया जाएगा. सांसद श्री महतो ने कहा कि पंजाब जाने के लिए यह एक अत्यंत महत्वपूर्ण ट्रेन है एवं इसी समय सिख समाज के महत्वपूर्ण पर्व भी रहते हैं इसलिए इसका चलाया जाना नितांत आवश्यक है. सांसद ने कहा कि इसे लेकर प्रतिवर्ष सिख समाज में गहरा असंतोष रहता है. (नीचे भी पढ़े)
सांसद श्री महतो ने कहा कि यह ट्रेन पूर्व की भांति नियमित रूप से चलती रहे यह व्यवस्था सुनिश्चित होने चाहिए. कार्यकारी निदेशक विकास जैन ने संबंधित पदाधिकारियों से बात करने के बाद सांसद श्री महतो को यह आश्वस्त किया कि जलियांवाला बाग ट्रेन शीतकालीन मौसम में भी नियमित रूप से यथावत चले यह सुनिश्चित किया जाएगा. इस संबंध में यथाशीघ्र निर्णय किया जाएगा. इसके अतिरिक्त सांसद श्री महतो ने टाटा से बेंगलुरु एवं नई दिल्ली के लिए स्लीपर वंदे भारत ट्रेन की मांग की है. इस पर कार्यकारी निदेशक ने उन्हें कहा कि वे इस संबंध में और पदाधिकारियों से वार्ता करेंगे. इसके साथ ही सांसद श्री महतो ने कहा कि टाटानगर से बंगलुरू जाने के लिए रेल सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है. (नीचे भी पढ़े)
वहां छात्र से लेकर मरीज तक बड़ी संख्या में आवागमन करते हैं. टाटानगर से बंगलुरू के लिए टाटानगर – एसएमवीटी और और टाटानगर यशवंतपुर ट्रेन साप्ताहिक रूप से चलती है. इन दोनों ट्रेनों का फेरा एक-एक दिन अतिरिक्त किया जाए ताकि टाटा से बेंगलुरु जाने के लिए सप्ताह में चार दिन ट्रेन सेवा उपलब्ध हो. इस मांग पर श्री जैन ने सकारात्मक आश्वासन दिया और उन्होंने कहा कि संबंध में जल्दी समुचित निर्णय लिया जाएगा. सांसद श्री महतो ने शालीमार खातीपुरा (जयपुर) एक्सप्रेस के लिए कहा कि इसका ठहराव चाकुलिया स्टेशन पर होना चाहिए क्योंकि चाकुलिया और आसपास के क्षेत्र में बड़ी संख्या में राजस्थान के वासी निवास करते हैं. इस संबंध में उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्दी ही चाकुलिया स्टेशन पर इसका ठहराव सुनिश्चित किया जाएगा.












