
चाईबासा/जमशेदपुर : कोल्हान के नये डीआइजी राजीव रंजन सिंह ने पश्चिम सिंहभूम जिले के चाईबासा स्थित मुख्यालय में अपना योगदान दे दिया. उन्होंने कोल्हान के डीआइजी का प्रभार कुलदीप द्विवेदी से ग्रहण किया. प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका स्वागत भी किया और एक दूसरे के सहयोग से कोल्हान को आगे ले जाने का संकल्प लिया. नये डीआइजी राजीव रंजन सिंह के अधीन कोल्हान का तीनों जिला पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिला आता है. इन तीनों जिले में संगठित अपराध से लेकर नक्सलवाद भी है. इस लिहाज से बड़ी चुनौती इसको लेकर है. वैसे यह क्षेत्र राजीव रंजन सिंह के लिए कोई नया नहीं है.

वे जमशेदपुर में सिटी एसपी और सिटी डीएसपी के अलावा सरायकेला-खरसावां जिले में भी पदस्थापित रह चुके है. उन्होंने पदभार संभालने के बाद साफ तौर पर कहा कि वे हर हाल में संगठित अपराध और नक्सलवाद को रोकने के लिए अहम कदम उठायेंगे. तीनों जिले के एसपी समेत तमाम पदाधिकारियों की मदद के साथ ही जनता के साथ समन्वय स्थापित कर कोल्हान को सुरक्षित और खुशहाल क्षेत्र बनाने का काम करेंगे. उन्होंने बताया कि अपने अनुभव का इस्तमाल करेंगे. उन्होंने कहा कि अभी सबसे ज्यादा जरूरी है कि कोरोना वायरस की महामारी से लोगों को बचाया जाये. पुलिस के साथ ही जनता के साथ समन्वय स्थापित कर कोरोना वायरस को मात देना है. लॉकडाउन को अमल करने के साथ ही किस तरह सोशल डिस्टेंसिंग व मास्क के अलावा तमाम नियमों का अनुपालन सुनिश्चित कराया जायेगा, इस पर भी फोकस होकर काम किया जायेगा.















