संतोष वर्मा
चाईबासा : कोल्हान प्रमंडलीय नवनियुक्त पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआइजी) राजीव रंजन सिंह रविवार को तीनों जिले के डीएसपी व पुलिस निरीक्षको के साथ बैठक की. उक्त बैठक पुलिस अधीक्षक चाईबासा कार्यालय के सभागार में नव पदस्थापित पुलिस उपमहानिरीक्षक ( कोल्हान क्षेत्र) चाईबासा राजीव रंजन सिंह द्वारा जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी व उपाधीक्षक तथा पुलिस निरीक्षकों के साथ एक बैठक की गई.

बैठक के आरंभ में पुलिस अधीक्षक चाईबासा द्वारा जिले के भौगोलिक परिदृश्य, सामान्य विधि व्यवस्था, नक्सली दस्तों एवं गतिविधियों के संबंध में सम्पूर्ण जानकारी पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से दिया गया. इस बैठक में कोरोना वायरस से संबंधित वर्तमान परिवेश में विधि व्यवस्था का संधारण करते हुए स्वयं एवं पुलिस परिवार को कोरोना संक्रमण से सुरक्षित रखते हुए आमजन को अधिकाधिक सहयोग प्रदान करने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार के द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों का अनुपालन के संबंध में निर्देश दिए गए. इसके अतिरिक्त जिले में लंबित कांडों में बेहतर अनुसंधान अनुश्रवण तथा निष्पादन की दिशा में कार्य योजना के विषय में आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया. पुलिस उपमहानिरीक्षक द्वारा जिले के नक्सल परिदृश्य की भी समीक्षा की गई तथा आगामी कार्य योजना पर विस्तृत परिचर्चा की गई.















