जमशेदपुर : गुम हुए मोबाइल फोन की तलाश में जुटी पूर्वी सिंहभूम पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है. ऑपरेशन मुस्कान के 11वें चरण के तहत पुलिस ने 100 मोबाइल फोन बरामद कर शनिवार को उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए. लंबे समय से अपने मोबाइल वापस मिलने का इंतजार कर रहे लोगों के लिए यह पल किसी सौगात से कम नहीं था. मोबाइल हाथ में आते ही लोगों के चेहरों पर खुशी झलक उठी. उन्होंने पुलिस की इस पहल के लिए आभार जताया. (नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर एसएसपी कार्यालय परिसर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में एसएसपी डॉ एहतेशाम वकारिब, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, जिले के सभी डीएसपी और विभिन्न थानों के प्रभारी उपस्थित रहे. पुलिस अधिकारियों ने एक-एक कर बरामद मोबाइल उनके धारकों को सौंपे. कार्यक्रम के दौरान एसएसपी डॉ एहतेशाम वकारिब ने बताया कि ऑपरेशन मुस्कान के माध्यम से अब तक पुलिस कुल 3373 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचा चुकी है. यह अभियान तकनीकी अनुसंधान और पुलिस की विशेष टीम की सक्रियता से लगातार सफल हो रहा है. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने बताया कि मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए तकनीकी सेल की मदद ली जाती है. मोबाइल की लोकेशन और अन्य तकनीकी जानकारियों के आधार पर पुलिस टीम जांच कर फोन तक पहुंचती है. इसके बाद सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर मोबाइल उसके असली मालिक को सौंप दिया जाता है. एसएसपी ने कहा कि ऑपरेशन मुस्कान केवल मोबाइल बरामदगी का अभियान नहीं, बल्कि आम लोगों का पुलिस पर भरोसा मजबूत करने की पहल भी है. (नीचे भी पढ़ें)

पुलिस का प्रयास है कि किसी कारणवश खोए या गुम हुए मोबाइल फोन लोगों को वापस मिल सकें. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और गुम मोबाइल की तलाश के लिए पुलिस की विशेष टीम लगातार काम करती रहेगी.












