
चाकुलिया : कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए सरकार ने लॉक डाउन की घोषणा की है. लॉक डाउन का पूर्ण रूप से पालन कराने के लिए स्थानीय प्रशासन भरपूर प्रयास कर रहा है. इसी क्रम में सीओ अरविंद ओझा और थाना प्रभारी अनिल नायक ने चाकुलिया के पुराना बाजार स्थित बिरसा चौक पर वाहन जांच अभियान चलाया. पदाधिकारियों के अभियान चलाने की सूचना पर लोगों में हड़कंप मच गया. अभियान के दौरान कई लोगों को हिदायत देकर छोड़ा गया, वहीं लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले लोगों से सड़क पर उठक-बैठक करवायी गयी और बाइक पर एक से अधिक लोगों को घूमते देखे जाने पर उनकी बाइक की टायर से हवा निकाल दी गयी. पदाधिकारियों ने लोगों को समझाया कि सरकार ने लॉक डाउन की घोषणा की है, ग्रामीण लॉकडाउन का पूरी तरह से पालन करें और अपने-अपने घरों में ही रहें. पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार और प्रशासनिक पदाधिकारियों द्वारा बताया जा रहे नियमों का पालन ग्रामीण करें और लॉकडाउन को पूर्ण कराने में ग्रामीण प्रशासन का सहयोग करें.















