
चाईबासा : एक तो लोग कोरोना जैसी महामारी से बचाव को लेकर लॉकडाउन से आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं, वहीं इस परिस्थिति में असामाजिक तत्व भी अपने काले कारनामों से लोगों को परेशानी में डाल रहे हैं. जिले के चक्रधरपुर अनुमंडल मुख्यालय अंतर्गत पम्प रोड टोंका टोली में बीती रात एक पॉल्ट्री फार्म में अज्ञात बदमाशों ने आग लगा दी, जिससे पॉल्ट्री फार्म संचालक एक किसान को लाखों रुपयों का नुकसान हो गया. पॉल्ट्री फार्म में रखे दर्जनों बत्तख जिन्दा जल गए, जबकि फार्म के अन्दर रखे गए धान पुआल भी जलकर नष्ट हो गए.

किसान बालेश्वर महतो ने बताया की उसके पॉल्ट्री फार्म से एक दिन पहले छह बत्तखों की चोरी भी हुई थी. बीती रात करीन 12 बजे उसने अपने पॉल्ट्री फार्म का मुआयना भी किया था. सब कुछ ठीक था. लेकिन आज सुबह जब उठकर पॉल्ट्री फार्म देखा तो सबकुछ जल रहा था. धान व पुआल में आग लगी हुई थी. दर्जनों बत्तख भी जिन्दा जल कर मर गए. भीषण आग के कारण भवन का छत भी पपड़ी बनकर टूट कर गिर रही है. किसान बालेश्वर महतो और उसके परिवार वालों ने भारी मशक्कत के बाद पानी फेंक कर आग पर काबू पाया.
बालेश्वर महतो का मानना है कि यह असमाजिक तत्वों की करतूत है, जो उसे नुकसान पहुंचाना चाह रहे हैं. यही वजह है कि पहले उसने बत्तख चुराए और फिर पॉल्ट्री फार्म में आग लगा दी. इस घटना में उसके मवेशी बाल बाल बच गए. बालेश्वर महतो ने नुकसान की भरपाई के लिए सरकार से गुहार लगायी है. घटना की सूचना पाकर चक्रधरपुर पुलिस पॉल्ट्री फार्म पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली. पुलिस घटना की जांच में जुटी गयी है. ज्ञात हो की जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आये दिन अज्ञात बदमाशों द्वारा चोरी की घटना को अंजाम दिया जा रहा है.















